बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के खोड़ियाखेड़ा स्थित ओडेश्वर महादेव मंदिर से धुणी माता बानसी तक लगातार दूसरे वर्ष भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कांवड़ियों और आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों और शिव भजनों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा।

कांवड़ यात्रा की शुरुआत सुबह खोड़ियाखेड़ा स्थित ओडेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अभिषेक और महाआरती के साथ हुई। इसके बाद कांवड़ियों ने पवित्र जल से भरे कलश उठाए और भगवान शिव के जयकारों के साथ बांसी के लिए रवाना हुए। खोड़ियाखेड़ा स्थित ओडेश्वर महादेव का शिवलिंग स्वयंभू शिवलिंग है। इसकी पूजा-अर्चना खोड़ियाखेड़ा शक्तावत परिवार द्वारा कई पीढ़ियों से की जा रही है। आसपास के गांवों की आस्था भी इस मंदिर से जुड़ी हुई है।

कांवड़ यात्रा खोड़ियाखेड़ा से रवाना होकर गाडरियावास और ढालावड़ होते हुए प्रसिद्ध धार्मिक स्थल धुणी माता बानसी पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में कांवड़ियों के साथ आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मुख्य आयोजक दातार ट्रेडिंग कंपनी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की।

खोड़ियाखेड़ा से बानसी तक पूरे मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों और व्यापारिक संगठनों ने कांवड़ यात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए रास्ते में ठंडे पानी, फलाहार और स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। डीजे पर बज रहे शिव भजनों पर कांवड़िए झूमते-नाचते नजर आए, जबकि भगवा ध्वज थामे युवा यात्रा में आकर्षण का केंद्र रहे।

धुणी माता बानसी पहुंचने के बाद सभी कांवड़ियों ने पवित्र जल से धुणी माता और शिवालय में जलाभिषेक किया। इस दौरान क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि और अच्छी वर्षा की कामना की गई। जलाभिषेक के बाद भव्य महाआरती हुई और श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित कांवड़ यात्रा में खोड़ियाखेड़ा से बानसी तक श्रद्धालुओं की सहभागिता और धार्मिक उत्साह देखने को मिला।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story