चित्तौड़गढ़ के श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ में अपार जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ 21वां कल्याण महाकुंभ
चित्तौड़गढ़ के श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ में आयोजित 21वें कल्याण महाकुंभ का भव्य समापन हुआ। आठ दिवसीय आयोजन ने दो दशक का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

तस्वीर में खाटू श्याम जी के गर्भगृह में बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार दर्शन हो रहा है, जिसमें उन्हें कीमती आभूषणों और फूलों से सुसज्जित किया गया है।
चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ में आयोजित एकविंशति 21वें कल्याण महाकुंभ का आयोजन अपार जनसहभागिता, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। आठ दिवसीय महाकुंभ के दौरान भगवान शिव को समर्पित धार्मिक अनुष्ठान, श्रीलिंग महापुराण कथा, 51 कुंडीय अतिरुद्र महायज्ञ, भजन संध्याएं तथा विभिन्न आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।
महाकुंभ का शुभारंभ एक जुलाई को भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा के साथ हुआ। आठ दिनों तक आयोजित श्रीलिंग महापुराण कथा में भगवान शिव के लिंग स्वरूप एवं पंचावतार का विस्तृत वर्णन किया गया। इस दौरान प्रतिदिन ठाकुर श्री कल्लाजी का मनोहारी श्रृंगार किया गया तथा मंदिर को आकर्षक फूल बंगलों से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रत्येक संध्या आयोजित भक्ति संध्याओं में प्रसिद्ध भजन गायकों ने अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित 51 कुंडीय पंचदिवसीय श्री अतिरुद्र महायज्ञ में बड़ी संख्या में यजमानों ने गौ घृत और साकल्य की साढ़े तीन करोड़ आहुतियां अर्पित कीं। इस अनुष्ठान के माध्यम से ब्रह्मा, विष्णु, महेश सहित ब्रह्मांड के सभी देवी-देवताओं की कृपा प्राप्ति का प्रयास किया गया। यज्ञ से होने वाले लाभ का वैज्ञानिक परीक्षण भी कराया गया।
आयोजन के दौरान शिव पंचाक्षरी मंत्र के साढ़े चार सौ करोड़ जाप, 111 श्रीलिंग महापुराण पारायण, सुंदरकांड पाठ, राष्ट्रीय कवि सम्मेलन तथा विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
समापन अवसर पर वेदपीठ के न्यासियों एवं पदाधिकारियों ने बताया कि महाकुंभ को सफल बनाने में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, चिकित्सा एवं आयुर्वेद विभाग, नगर परिषद, औद्योगिक एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों, प्रेस जगत, सर्व समाज तथा कल्याण भक्तों का अनुकरणीय सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास और श्रद्धालुओं की सक्रिय सहभागिता से महाकुंभ भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ।
श्री कल्लाजी वेदपीठ एवं न्यास की ओर से सभी सहयोगियों, आचार्यों, बटुकों, वीर-वीरांगनाओं, शक्ति एवं कृष्णा शक्ति दल की माता-बहनों, दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं तथा जनप्रतिनिधियों के प्रति आत्मिक आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाज के सामूहिक सहयोग और ठाकुर श्री कल्लाजी की कृपा से महाकुंभ अपने उद्देश्य के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा इसकी ऐतिहासिक सफलता ने विगत दो दशक का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
