चित्तौड़गढ़ जिले के आकोला में सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर अमोंगस्ट यूथ (स्पीक मैके) के तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला प्रस्तुति के क्रम में पं. जय किशन महाराज की शिष्या एवं कथक की अंतर्राष्ट्रीय नृत्यांगना दीपन्नीता सरकार ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आकोला तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय आकोला में निशुल्क प्रस्तुतियां दीं।

पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जे.पी. भटनागर ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दीपन्नीता सरकार रूस में तीन बार तथा स्पेन सहित कई स्थानों पर अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित कर चुकी हैं। कथक की जानी-मानी कलाकार दीपन्नीता सरकार को 14 वर्ष का प्रशिक्षण एवं प्रस्तुति का अनुभव है। वह दूरदर्शन की ग्रेडेड कलाकार हैं तथा उन्हें सीसीआरटी की सीनियर स्कॉलरशिप भी प्राप्त हो चुकी है। वह अदिति मंगलदास डांस कंपनी से जुड़ी हुई हैं और देशभर में अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुकी हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद दीपन्नीता सरकार ने अपने भाव, सुंदर मुद्राओं और कथक की प्रभावशाली प्रस्तुति से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया। उन्होंने अपने अद्भुत हाव-भावों के माध्यम से माखन चोरी के वृत्तांत को हॉल में सजीव रूप में प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित सभी दर्शक शास्त्रीय नृत्य कला से अभिभूत हो गए।

भाव विभोर कर देने वाली उनकी मनोरम और मधुर प्रस्तुतियों के दौरान पूरे हॉल में लगातार करतल ध्वनि गूंजती रही। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य श्री अनिल कुमार शर्मा एवं विद्यालय परिवार ने दीपन्नीता सरकार तथा उनकी प्रबंधन टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं संस्कृति से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story