काकंरवा। 25 नवंबर। विगत जुलाई माह में श्री करेड़ा पार्श्वनाथ जैन तीर्थ में हुई चोरी की घटना ने पूरे क्षेत्र में चिंता और आक्रोश पैदा किया था। लेकिन चित्तौड़गढ़ पुलिस की त्वरित और मुस्तैदी भरी कार्रवाई ने इसे मात्र कुछ ही दिनों में सुलझा दिया, जिससे न केवल चोरी का पर्दाफाश हुआ, बल्कि चोरी गया सम्पूर्ण माल भी बरामद किया गया।

इस सफलता के लिए भुपालसागर श्री करेड़ा पार्श्वनाथ ट्रस्ट पेढ़ी ने आज एक भव्य समारोह आयोजित कर कपासन वृत्त के पुलिस उपाधीक्षक हरजीलाल यादव और उनकी पूरी टीम का सम्मान किया। समारोह में मंदिर मंडल कमेटी के पदाधिकारी, कस्बे के जैन समाज, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, कुशल कार्यशैली और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों की सराहना की।

चोरी का सफल खुलासा करने वाले अधिकारियों में पुलिस उपाधीक्षक हरजीलाल यादव के साथ कपासन थानाधिकारी सुनील शर्मा, भुपालसागर थानाधिकारी लादुलाल सौलंकी, आकोला थानाधिकारी गोर्वर्धन सिंह और जिला साइबर सेल के रामावतार शामिल थे। मंदिर कमेटी ने इन अधिकारियों को उपरना ओढ़ाकर और भगवान पार्श्वनाथ के चित्र अंकित मोमेंटो भेंट कर धन्यवाद व्यक्त किया।

पुलिस उपाधीक्षक हरजीलाल यादव ने कहा कि यह सम्मान उनकी वर्दी और ड्यूटी के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि श्री करेड़ा पार्श्वनाथ तीर्थ पूरे देश की आस्था का जाग्रत केंद्र है, इसलिए चोरी की घटना को केवल एक साधारण अपराध नहीं, बल्कि एक चुनौती के रूप में लिया गया। उन्होंने इसे भगवान पार्श्वनाथ की कृपा माना कि उनकी टीम ने चंद दिनों में ही चोरी का पर्दाफाश करते हुए संपूर्ण चोरीशुदा माल को बरामद किया।

कमेटी द्वारा पुलिस टीम को भव्य अभिनंदन मिलने पर यादव ने कहा कि यह पूरी टीम के लिए बेहतर और त्वरित पुलिसिंग की जिम्मेदारी निभाने हेतु नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इस घटना ने न केवल धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर विश्वास को मजबूत किया, बल्कि समाज में पुलिस प्रशासन की तत्परता और दक्षता को भी प्रदर्शित किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story