कपासन: सांवलिया महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ी भारी भीड़
राजेश्वर तालाब की पाल पर दस दिवसीय महोत्सव के तहत भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें मुंगाना के महंत अनुजदास महाराज और विधायक सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

। राजेश्वर बड़ा तालाब की पाल स्थित सांवलिया महादेव मंदिर में आयोजित दस दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को श्रद्धा का अभूतपूर्व ज्वार देखने को मिला। सांवलिया महादेव मंदिर पर प्राण प्रतिष्ठा, नर्मदेश्वर शिवलिंग महाप्रतिष्ठा एवं स्थापना सहित सरोवर हनुमान मंदिर पर कलश एवं ध्वजा दंड प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। धार्मिक कार्यक्रमों की इस श्रृंखला में बुधवार प्रातः आठ बजे सर्वप्रथम सरोवर हनुमान मंदिर से कलशयात्रा का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात प्रातः दस बजे पंचमुखी हनुमान मंदिर से डीजे साउंड एवं गाजे-बाजे की मंगल ध्वनियों के बीच भव्य मंगल कलश यात्रा तथा धार्मिक ग्रंथ शिव महापुराण पोथी की शोभायात्रा निकाली गई।
इस भव्य आयोजन में सांवलिया धाम आश्रम मुंगाना के महंत महामंडलेश्वर अनुजदास महाराज तथा चेतन वेद गुरुकुल मुंगाना के बटुकों सहित क्षेत्र के सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने पूर्ण उत्साह के साथ सहभागिता की। शोभायात्रा के दौरान नगर के विभिन्न कृष्ण मंदिरों से आए भगवान के बैवाण, जाखड़ माता की अखंड ज्योत, नवीन कलश एवं ध्वजा दंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर सांवलिया धाम आश्रम मुंगाना के ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर चेतनदासजी महाराज की छवि को अत्यंत सुंदर ढंग से श्रृंगारित कर शोभायात्रा में सम्मिलित किया गया। विभिन्न गांवों से पधारे हरिबोल प्रभात फेरी मंडल के सदस्य भक्तिपूर्ण भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे, वहीं महिलाएं धार्मिक गीतों और भजनों की धुन पर भावविभोर होकर नृत्य करती नजर आईं।
यह विशाल शोभायात्रा बस स्टैंड, पांच बत्ती चौराहा, खारी बावड़ी हनुमान मंदिर, लोडकिया चौक, पीपली बाजार, पुलिस चौकी और मोची मोहल्ला जैसे प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल सांवलिया महादेव मंदिर पहुंची। मार्ग में कई स्थानों पर भव्य तोरणद्वार बनाकर एवं पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर कथा स्थल पर विधायक अर्जुनलाल जीनगर, निर्वतमान नगरपालिका अध्यक्ष मंजू देवी सोनी तथा भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राज विजयवर्गीय सहित उपस्थित समस्त श्रद्धालु भक्तों द्वारा धार्मिक विधि-विधान के साथ आरती की गई। यह महोत्सव क्षेत्र की धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता के प्रतीक के रूप में अपनी अमिट छाप छोड़ गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
