कपासन। राजेश्वर बड़ा तालाब की पाल स्थित सांवलिया महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले दस दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार और गणपति स्थापना के साथ विधिवत शुभारंभ हो गया। भक्ति और श्रद्धा के इस महाकुंभ में सांवलिया महादेव मंदिर पर प्राण प्रतिष्ठा, भव्य नर्मदेश्वर शिवलिंग महाप्रतिष्ठा एवं स्थापना सहित सरोवर हनुमान मंदिर पर कलश एवं ध्वज दंड प्रतिष्ठा के विविध धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे। कार्यक्रम का आगाज सोमवार प्रातः सवा नौ बजे सांवलिया धाम आश्रम मुंगाना के महंत रामपालदास महाराज के पावन सानिध्य में हुआ, जहां पंडित राजेन्द्र व्यास ने दीप प्रज्वलित कर शास्त्रोक्त विधि से गणपति पूजन संपन्न कराया।

महोत्सव के क्रम में आगामी बुधवार का दिन विशेष आयोजनों का साक्षी बनेगा। प्रातः साढ़े सात बजे सरोवर हनुमान मंदिर से भव्य कलशयात्रा निकाली जाएगी, जिसके पश्चात आठ बजे पंचमुखी हनुमान मंदिर से प्रभात फेरी एवं सोमेश्वर महादेव मंदिर से त्रिशूल यात्रा का प्रस्थान होगा। इसी दिन प्रातः साढ़े आठ बजे चारभुजाजी मंदिर से शिव महापुराण पोथी की बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के मुख्य मार्गों से भ्रमण करते हुए कथा स्थल सांवलिया महादेव मंदिर पहुंचेगी।

धार्मिक अनुष्ठान के मुख्य आकर्षण के रूप में सांवलिया धाम आश्रम मुंगाना के महंत महामंडलेश्वर अनुजदास महाराज व्यास पीठ पर बिराजित होकर श्रद्धालुओं को शिव महापुराण कथा का रसास्वादन कराएंगे। कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर बारह बजे से तीन बजे तक किया जाएगा, साथ ही बुधवार से ही अखंड रामायण पाठ का भी मंगलारंभ होगा। इस गरिमामय अवसर पर ओमप्रकाश आचार्य, बबलू सोनी, भवानीशंकर जीनगर, विष्णु सोनी, धनराज परमार, नन्दकिशोर सोनी, धनराज तेली, आशीष सोनी, लाभशंकर आचार्य, मुलचंद कुमावत, शुभम सोनी, अंकित सोनी, पन्नादास वैष्णव, चिराग सोनी, जगदीश सोमानी, देव सोनी एवं बद्रीलाल सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कपासन क्षेत्र में इस भव्य महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह व्याप्त है।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story