कपासन। अवैध मॉडिफाइड वाहनों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के अंतर्गत कपासन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलों को जब्त किया है। पुलिस की यह सख्त कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस निरीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम रविवार को क्षेत्र में नियमित गश्त पर तैनात थी। इस दौरान चार रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलें संदिग्ध अवस्था में पाई गईं। जांच करने पर पाया गया कि इन वाहनों में नियमानुसार मानक नहीं थे और इनमें अवैध रूप से फेरबदल किया गया था। पुलिस के अनुसार, इन चारों मोटरसाइकिलों में हैड लाइट, फ्यूल टैंक, साइलेंसर और नंबर प्लेट में बदलाव किया गया था। इसके अतिरिक्त, दो मोटरसाइकिलों पर जातिसूचक शब्द भी अंकित थे, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए पुलिस ने चारों मोटरसाइकिलों को राजस्थान पुलिस अधिनियम की धारा 38 के तहत तुरंत जब्त कर लिया। पुलिस निरीक्षक सुनील शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन कराने और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे वाहनों में नियमों के विपरीत कोई भी बदलाव न करें अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई ने अवैध मॉडिफाइड वाहनों के चालकों में हड़कंप मचा दिया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story