डीएसटी-साइबर थाना पुलिस की कार्रवाई, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का बुकी गिरफ्तार; 13 लाख से ज्यादा लेन-देन उजागर
कपासन में डीएसटी और साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी व गेमिंग संचालित करने वाले राकेश जागेटिया को गिरफ्तार किया। मोबाइल में BMWEXCH99 की मास्टर आईडी और 13 लाख से अधिक के सट्टे के लेन-देन का खुलासा हुआ।

तस्वीर में कपासन बाईपास हाईवे रोड पर कार्रवाई के दौरान पुलिस हिरासत में नजर आ रहा ऑनलाइन सट्टा संचालन का आरोपी।
निम्बाहेडा। डीएसटी एवं साइबर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कपासन क्षेत्र में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी एवं गेमिंग का संचालन करने वाले आरोपी राकेश जागेटिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में BMWEXCH99 की मास्टर आईडी के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने तथा 13 लाख रुपये से अधिक के सट्टे के लेन-देन से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने दो अन्य व्यक्तियों को भी नामजद किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोबाइल एवं साइबर ठगी के अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए साइबर थानाधिकारी आरपीएस मनीष कुमार के निर्देशन में डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में कांस्टेबल अरविंद, कृष्ण कांत, अशोक, रामकेश, देवेंद्र तथा साइबर सेल के एएसआई राजकुमार और कानि. रामनिवास शामिल थे।
08 अगस्त 2026 को एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि कपासन में राकेश जागेटिया पुत्र मदनलाल, उम्र 47 साल, निवासी श्रीनाथ प्लाजा, पांच बत्ती चौराहे के पास, पुलिस थाना कपासन, जिला चित्तौड़गढ़, पिछले काफी समय से ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं गेमिंग का काम कर रहा है।
मुखबिर सूचना के अनुसार राकेश जागेटिया अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर एक ग्रुप में स्वयं को लाभ पहुंचाने तथा अन्य लोगों को नुकसान पहुंचाने के लिए अपने मोबाइल फोनों से इंटरनेट चलाकर BMWEXCH99 की मास्टर आईडी से सट्टा संचालित करने के लिए सट्टे की आईडी-पासवर्ड उपलब्ध कराता था। वह बेईमानी से इसे छिपाकर अन्य लोगों को सट्टा खिलाकर उनसे राशि हड़पने का कार्य कर रहा था। सूचना में यह भी बताया गया कि वह उस समय कपासन में घूम रहा है और हल्के पीले रंग का कुर्ता व पजामा पहने हुए है।
मुखबिर की सूचना विश्वसनीय होने पर पुलिस टीम कपासन पहुंची और तलाश शुरू की। इस दौरान कपासन बायपास हाईवे रोड पर जावा पेट्रोल पम्प के पास मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का व्यक्ति अपने मोबाइल फोनों से कुछ करता हुआ दिखाई दिया। एएसआई सूरज कुमार मय जाब्ता ने उससे मोबाइल में किए जा रहे काम के बारे में पूछा, लेकिन वह कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे सका और घबराने लगा।
इसके बाद राकेश जागेटिया के मोबाइल की जांच की गई। मोबाइल फोन के अंदर एक ग्रुप में स्वयं को लाभ पहुंचाने तथा अन्य लोगों को नुकसान पहुंचाने के लिए अपने मोबाइल से इंटरनेट के माध्यम से BMWEXCH99 की मास्टर आईडी से ऑनलाइन सट्टा खिलाने का कार्य करना पाया गया। पुलिस ने ऑनलाइन जुआ खिलवाने के संबंध में अनुज्ञापत्र और लाइसेंस के बारे में पूछा तो उसने कोई लाइसेंस नहीं होना बताया।
पूछताछ में राकेश जागेटिया ने बताया कि वह अपने दो दोस्तों के खातों में राशि का लेन-देन कर ऑनलाइन गेम खिलाते हैं। पुलिस के अनुसार उसका उक्त कृत्य धारा 13 आरपीजीओ एक्ट एवं धारा 112, 318(4), 61 (2) बीएनएस एवं 66 डी आई.टी एक्ट की श्रेणी में आने पर साइबर थाना चित्तौड़गढ़ पर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया और आरोपी राकेश जागेटिया को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके मोबाइल की जांच से बड़े रैकेट और अन्य मामलों का खुलासा होने की संभावना है। आरोपी के मोबाइल में मिली BMWEXCH99 की मास्टर आईडी और सामने आए 13 लाख रुपये से अधिक के सट्टे के लेन-देन की जांच भी कार्रवाई का अहम हिस्सा है।
चित्तौड़गढ़ पुलिस ने आमजन से अनुरोध किया है कि किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम एवं पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
