सर्व समाज की पहली विशाल कांवड़ यात्रा से गूंजा चित्तौड़गढ़, शिवालयों में हुआ जलाभिषेक
चित्तौड़गढ़ में सर्व समाज की पहली विशाल कांवड़ यात्रा निकली, वहीं शहर में भी श्रद्धालुओं ने कांवड़ लेकर शिवालय पहुंच जलाभिषेक और महाआरती की।

तस्वीर में बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु सड़क मार्ग से कांवड़ यात्रा निकालते हुए नजर आ रहे हैं।
बरसात की कामना और क्षेत्र में सुख-समृद्धि की मंगल कामना को लेकर श्री शिव भक्त मंडल नेतावल महाराज के तत्वावधान में सर्व समाज की प्रथम विशाल कांवड़ यात्रा श्रद्धा और आस्था के साथ निकाली गई। कांवड़ यात्रा श्री धोलेश्वर महादेव, घोसुंडा से प्रारंभ होकर श्री मंगलेश्वर महादेव, नेतावल तक पहुंची।
नारायण लाल शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के बैजनाथिया पहुंचने पर सभी ग्रामवासियों ने पूर्व विधायक एवं भूमि विकास बैंक अध्यक्ष बद्रीलाल जाट के साथ कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान दिग्वेंद्र सिंह, हीरालाल जाट, राजमल जाट, राजू जाट, किशन जाट नेतावल, प्रभुलाल जाट, शोभालाल जाट, श्यामलाल जाट, सुमित जाट, नारायण शर्मा एवं प्रमोद पंडित सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु कांवड़ लेकर भगवान शिव के जयकारों के साथ नेतावल स्थित श्री मंगलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां पंडित प्रमोद के मुखारविंद से मंत्रोच्चार के साथ सभी कांवड़ भक्तों ने भगवान मंगलेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। यात्रा में मिट्ठूलाल जाट, दीपक शर्मा, प्रकाशचंद शर्मा, नरेंद्रनाथ योगी, पवन सोनी, कमलेश सोनी, पप्पूलाल जाट, किशन जाट, कैलाश जाट, नटवर सिंह, माधवलाल जाट एवं डॉ. सुशांत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
नेतावल स्थित श्री मंगलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर नेतावल महाराज के समस्त ग्रामवासियों ने सभी कांवड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर भगवान शिव से क्षेत्र में अच्छी वर्षा, सुख-शांति, समृद्धि एवं आपसी भाईचारे की कामना की गई।
वहीं, शहर के सांवरिया विकास समिति के तत्वावधान में एवं भक्तगणों के सहयोग से झरना पाडनपोल से श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, सांवलिया कॉलोनी तक आस्था एवं विश्वास से कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में युवा, बच्चे एवं महिलाएं नाचते-गाते शामिल हुए।
कांवड़ यात्रा पाडनपोल से मिठाई बाजार, सदर बाजार, गोलप्याउ चौराहा, कलेक्ट्रेट चौराहा, ओवरब्रिज से कुम्भानगर सब्जी मंडी, करणी माता का खेड़ा होते हुए श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह कांवड़ यात्रा का स्वागत किया गया।
श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर सहस्त्रधारा जलाभिषेक, पूजा और विशेष श्रृंगार के बाद महाआरती हुई तथा प्रसाद वितरण किया गया। कांवड़ यात्रा में अशोक मेनारिया, जयसिंह राव, पुजारी मांगीबाई, सतीश रामावत सहित सैकड़ों महिलाएं, बच्चे एवं सांवरिया कॉलोनी, दधिचि नगर, डाईट रोड, ज्योतिनगर, बजरंग कॉलोनी, करणी माता का खेड़ा वासियों ने हिस्सा लिया।
गंगा पूजन एवं सहस्त्रधारा जलाभिषेक पंडित सिद्धान्त शर्मा ने संपन्न करवाया। दोनों कांवड़ यात्राओं में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र में अच्छी वर्षा, सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
