मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कनेरा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ)(1) के अंतर्गत की गई है, जिसमें आरोपी प्रकाश बंजारा की कुल 14 लाख 40 हजार रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्ति को जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रकाश बंजारा, पिता रामलाल, निवासी गुन्दारेल थाना कनेरा, जिला चित्तौड़गढ़ के विरुद्ध थाना सदर नसीराबाद (अजमेर), थाना कनेरा और थाना बिजयपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों की जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपी ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के माध्यम से संपत्ति अर्जित की, जिसमें पटवार हल्का निम्बोदा क्षेत्र में चारागाह भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्मित एक मकान भी शामिल है।

इस संबंध में 11 मई 2026 को सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक SAFEM (FOP) A&NDPS Act, दिल्ली को फ्रीजिंग हेतु प्रस्ताव भेजा गया था। सुनवाई के पश्चात आरोपी के उक्त आलीशान मकान को स्थायी रूप से फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया, जिसकी कीमत 14 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। आदेश के अनुपालन में पुलिस ने संपत्ति को फ्रीज कर दिया।

इस कार्रवाई को पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के मार्गदर्शन तथा डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में अंजाम दिया गया। अभियान के दौरान थानाधिकारी महेन्द्र सिंह सहित एएसआई बालमुकन्द, अनिल, सुरेश, मंचाराम, अबरार और गोकुल की टीम शामिल रही।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर साझा करें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story