विधायक कृपलानी की अनुशंसा से कनेरा सीएचसी भवन के लिए 8.13 करोड़ की स्वीकृति
कनेरा सीएचसी भवन निर्माण के लिए 8.13 करोड़ की स्वीकृति मिली है। डीएमएफटी फंड से स्वीकृत राशि से स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।

तस्वीर में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी सफेद शर्ट पहने नजर आ रहे हैं।
पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी की अनुशंसा पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कनेरा के भवन निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 8 करोड़ 13 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। यह राशि डीएमएफटी फंड से स्वीकृत की गई है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग (ग्रुप-2) की ओर से जारी स्वीकृति आदेश संख्या 54/2026-27 के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कनेरा, जिला चित्तौड़गढ़ के भवन निर्माण के लिए 813.00 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। भवन का निर्माण सामान्य प्रशासन विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा। साथ ही निर्माण कार्य की ड्राइंग को सक्षम स्तर से अनुमोदित करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कनेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए नए भवन की स्वीकृति से क्षेत्रवासियों को आधुनिक एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि कनेरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए दूर नहीं जाना पड़े, इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण की स्वीकृति के लिए प्रयास किए गए। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त किया।
नए भवन के निर्माण से कनेरा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा तथा क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
