स्व. यदुपति सिंघानिया की 73वीं जयंती पर जे.के. सीमेंट ने किए जनहितकारी आयोजन
स्व. यदुपति सिंघानिया की 73वीं जन्म जयंती पर जे.के. सीमेंट निंबाहेड़ा ने निःशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर, 50 साइकिल वितरण, बेबी किट, फल-दलिया, गौशाला और अन्नपूर्णा रसोई में सेवा कार्यक्रम आयोजित किए।

तस्वीर में निंबाहेड़ा में जे.के. सीमेंट वर्क्स द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर के दौरान एक मरीज की आंखों की जांच करते चिकित्सक और साथ खड़े अतिथि व कंपनी प्रतिनिधि नजर आ रहे हैं.
निंबाहेड़ा में जे.के. सीमेंट वर्क्स निंबाहेड़ा की ओर से समूह के प्रबंध निदेशक स्वर्गीय यदुपति सिंघानिया की 73वीं जन्म जयंती के अवसर पर मंगलवार को स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पशु सेवा और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान निःशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर, मेधावी छात्राओं को साइकिल वितरण, जिला अस्पताल में बेबी किट, फल एवं दलिया वितरण सहित कई जनहितकारी गतिविधियां हुईं।
जे.के. सीमेंट वर्क्स निंबाहेड़ा के यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में जरूरतमंदों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं पशुधन की सेवा के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सहयोग को प्राथमिकता दी गई।
स्व. यदुपति सिंघानिया की 73वीं जन्म जयंती के अवसर पर जे.के. सीमेंट वर्क्स की ओर से भंडारी नेत्रालय, नीमच के तत्वावधान में विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर आंखों की जांच करवाई। जे.के. सीमेंट के एचआर हेड प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि शिविर में नजर कमजोर होने, नाखूना, मोतियाबिंद सहित आंखों से संबंधित विभिन्न बीमारियों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच की गई। आवश्यकता पाए जाने पर मरीजों के ऑपरेशन की सुविधा भी जे.के. सीमेंट की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा।
जन्म जयंती के अवसर पर निंबाहेड़ा क्षेत्र के 10 राजकीय विद्यालयों की मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 50 साइकिलों का वितरण किया गया। कंपनी के कमर्शियल हेड मनोज सोनी ने बताया कि इस पहल से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ उनके उत्साह एवं आत्मविश्वास को भी बढ़ावा मिलेगा।
सामाजिक सरोकारों की कड़ी में राजकीय जिला चिकित्सालय में सुरभि क्लब के माध्यम से नवजात शिशुओं एवं जरूरतमंद परिवारों को बेबी किट वितरित किए गए। टेक्निकल हेड राजेश सोनी एवं मुरली लड्ढा ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को निःशुल्क फल एवं दलिया भी वितरित किया गया। इसके अलावा नगर की सांवरिया गौशाला में गौ माता के लिए चारा एवं पशु आहार उपलब्ध कराया गया। नगर परिषद द्वारा संचालित अन्नपूर्णा रसोई में जरूरतमंद लोगों को सुबह-शाम निःशुल्क भोजन करवाने की व्यवस्था में भी सहयोग किया गया।
मंगलवार दोपहर चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष पूरण आंजना, चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शारदा, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष गोपाल जाट, जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव मनोज पारख, नुसरत खान एवं राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के नगर अध्यक्ष रोमी पोरवाल निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर स्थल पहुंचे। उन्होंने शिविर में उपचार एवं नेत्र जांच करवाने आए मरीजों से मुलाकात कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।
शिविर स्थल पर पहुंचने पर जे.के. सीमेंट वर्क्स के यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल एवं एचआर हेड प्रभाकर मिश्रा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर पूरण आंजना सहित उपस्थित अतिथियों एवं कंपनी प्रतिनिधियों ने स्व. यदुपति सिंघानिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उपस्थितजनों ने स्व. यदुपति सिंघानिया के सामाजिक सरोकारों एवं सेवा भावना का स्मरण करते हुए कहा कि जन्म जयंती को जनसेवा से जोड़कर मनाना समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाने की सार्थक पहल है। अतिथियों ने जे.के. सीमेंट वर्क्स निंबाहेड़ा की ओर से समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा, जरूरतमंदों की सहायता, पशु सेवा एवं अन्य सामाजिक क्षेत्रों में किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की सराहना की। कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को केंद्र में रखते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक सहयोग पहुंचाने का संदेश दिया गया।

