निम्बाहेड़ा। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के प्रकोप के बीच खनन क्षेत्र में कार्यरत कामगारों की स्वास्थ्य रक्षा सुनिश्चित करने हेतु जे.के. सीमेंट की अमल्गमेटेड कारुण्डा माल्याखेड़ा माइंस में एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। पीट सेफ्टी कमेटी की इस विशेष बैठक के दौरान खान सुरक्षा महानिदेशालय, उदयपुर क्षेत्र के खान सुरक्षा निदेशक टॉम मैथ्यू ने अधिकारियों एवं खनन कर्मियों को संबोधित करते हुए हीटवेव व लू से बचाव के कड़े निर्देश दिए। टॉम मैथ्यू ने स्पष्ट किया कि महानिदेशालय सदैव खनन कामगारों की वातावरण जनित कार्य दशाओं में सुधार हेतु मार्गदर्शन करता रहा है। उन्होंने डीजीएमएस (DGMS) द्वारा हाल ही में जारी सर्कुलर का हवाला देते हुए उसमें निहित सुझावों पर प्रकाश डाला और उन्हें धरातल पर कड़ाई से लागू करने पर बल दिया।

इस अवसर पर जेके सीमेंट के चीफ मेडिकल ऑफिसर संतोष चौधरी ने चिकित्सकीय दृष्टिकोण साझा करते हुए लू की चपेट में आने से बचने के वैज्ञानिक उपायों की विस्तार से जानकारी दी। वहीं, माइंस विभाग के ऑपरेशन हेड राकेश शर्मा ने प्रबंधन द्वारा गर्मी के दौरान अपनाई जा रही सावधानियों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य हित में किए गए विभिन्न सुरक्षात्मक उपायों से अवगत कराया। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से इन दिशा-निर्देशों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आग्रह किया ताकि विषम मौसम में भी सुरक्षित कार्य वातावरण बना रहे। कविता पारख द्वारा प्रेषित सूचना के अनुसार, इस संवाद सत्र में बड़ी संख्या में माइंस अधिकारियों सहित खनन कर्मचारी उपस्थित रहे, जहाँ उन्हें विभिन्न माध्यमों से स्वास्थ्य रक्षा की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। यह आयोजन कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Next Story