बड़ीसादड़ी जाट समाज ब्लॉक की बैठक में सामाजिक परंपराओं पर लिए गए कई अहम फैसले, बिंदोली सहित कई आयोजनों पर लगी सीमा
बड़ी सादड़ी में जाट समाज ब्लॉक बड़ीसादड़ी की बैठक में सामाजिक परंपराओं और आयोजनों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। बिंदोली, जन्मदिन, मृत्युभोज, मायरा, चिड़ी दस्तूर और विवाह संबंधी नियमों में किए गए बदलाव समाज के लिए अहम माने जा रहे हैं।

बड़ी सादड़ी में आयोजित जाट समाज की बैठक में शामिल समाज के प्रतिनिधि और ग्रामीण।
बड़ी सादड़ी में जाट समाज ब्लॉक बड़ीसादड़ी की बैठक बांसी बोहेड़ा रेलवे स्टेशन स्थित आवरी माता जी परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष हीरा लाल जाट उठेल खेड़ा ने की, जिसमें समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक आयोजनों और परंपराओं को लेकर सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में बिंदोली नहीं निकाली जाएगी। यदि कोई परिवार बिंदोली निकालता है तो समस्त ग्रामवासी और रिश्तेदार उसके घर ओजन (जिमन) में शामिल नहीं होंगे। वहीं, विवाह समारोह में डीजे (बैंड-बाजे) बजाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि गांव में जन्मदिन पर किसी प्रकार का आयोजन नहीं किया जाएगा। इसके अलावा खेड़ा देवत पूजन के उपलक्ष्य में बड़े आयोजन नहीं किए जाएंगे तथा इस अवसर पर रिश्तेदारों और मेहमानों को भी नहीं बुलाया जाएगा।
मृत्युभोज को लेकर सर्वसम्मति से एक रसोई (मिठाई) रखने का निर्णय लिया गया। चिड़ी दस्तूर को सीमित कर केवल परिवार तक रखने पर सहमति बनी। वहीं उठावना, महीने की हाथी, छः मासी और बारह मासी जैसे कार्यक्रम गांव एवं परिवार तक ही सीमित रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में विवाह के दौरान तथा विवाह उपरांत आयोजित होने वाले आशीर्वाद समारोह को बंद करने का निर्णय भी लिया गया। साथ ही विवाह में चिड़ी दस्तूर या रकम के रूप में अधिकतम 7 तोला सोना और 1 किलोग्राम चांदी ले जाने का निर्णय किया गया।
समाज की जाजम पर आयोजित सभी कार्यक्रमों और समारोहों में अफीम का पूर्णतया उपयोग बंद रखने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा मुंडन संस्कार, पगलिया दस्तूर और विदाई समारोह को सीमित रखने पर सहमति बनी। विवाह में दो प्रकार की मिठाई बनाने का निर्णय लिया गया, जबकि विवाह में बिंदोला केवल परिवार तक ही सीमित रखने का भी फैसला किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मायरा भरने के बाद वहां से वापस कपड़े या बर्तन सहित किसी प्रकार का सामान नहीं लिया जाएगा। समाज की बैठक में लिए गए इन सभी निर्णयों को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
