डूंगला में अखिल भारतीय जणवा समाज द्वारा आयोजित 22वीं खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार सायं सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और विकास के संकल्प का भव्य संगम देखने को मिला। सायं 7 बजे आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही पूरा परिसर देशभक्ति और राजस्थानी संस्कृति के रंगों में सराबोर नजर आया।

मुख्य अतिथि गौतम दक ने मंच से खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों को अनुशासन, समर्पण और भविष्य निर्माण का माध्यम बताया। उन्होंने प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर चयन के लिए शुभकामनाएं दीं। इसी दौरान उन्होंने जनवा समाज के लिए दो महत्वपूर्ण विकास घोषणाएं भी कीं। दक ने चारभुजा नाथ मंदिर, जनवा समाज मंगलवाड़ चौराहा पर छत निर्माण तथा बिलोदा से अरनेड होते हुए सालेड़ा सीमा तक सड़क नवीनीकरण की घोषणा कर उपस्थित समाजजनों का विश्वास और उत्साह बढ़ाया।

सांस्कृतिक संध्या में 45 से अधिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति गीतों से लेकर पारंपरिक राजस्थानी लोकनृत्य और संगीत तक, हर प्रस्तुति ने समाज की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। खिलाड़ियों और युवाओं ने भी राजस्थानी धुनों पर उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई, जिससे पूरा वातावरण उल्लास से भर उठा।

कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए यह घोषणा की गई कि 22वीं अखिल भारतीय जणवा समाज खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन अगले वर्ष देवली में किया जाएगा। साथ ही जनवा विकास संस्थान द्वारा प्रकाशित कैलेंडर का विमोचन किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्री-बोर्ड परीक्षा कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉप-5 विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे शिक्षा के प्रति समाज की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से सामने आई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भेरूलाल पटेल (खेरोदा) ने की। विशिष्ट अतिथियों में डूंगला मंडल अध्यक्ष पूरण अहीर, पूर्व विधायक ललित ओस्तवाल, प्रधान प्रतिनिधि हीरालाल, उपप्रधान रणजीत सिंह, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह बुरकिया, देवी लाल जनवा, चंद्रशेखर शर्मा, मंगलवाड़ मंडल अध्यक्ष भेरूलाल गायरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मंच संचालन जगदीश जनवा (अरनेड) ने किया, जबकि श्यामलाल जनवा ने आभार व्यक्त किया। सांस्कृतिक संध्या न केवल मनोरंजन का माध्यम बनी, बल्कि समाज की एकजुटता, प्रतिभा और विकास के साझा संकल्प का सशक्त संदेश देकर सम्पन्न हुई।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story