आकोला में जल झूलनी एकादशी पर आठ बेवाणों की भव्य रामरेवाड़ी निकली, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
आकोला में जल झूलनी एकादशी पर 8 बेवाणों की रामरेवाड़ी निकली। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए। जुलूस बेड़च नदी के तट पहुंचा, जहां सभी बेवाणों की महाआरती कर सांकेतिक स्नान कराया गया।

तस्वीर में आकोला के बाजार में जल झूलनी एकादशी के अवसर पर ठाकुर जी के बेवाण के साथ उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दे रही है।
आकोला। जल झूलनी एकादशी के अवसर पर मंगलवार को आकोला नगरपालिका क्षेत्र और आसपास के इलाकों में धार्मिक उल्लास के साथ ठाकुर जी के बेवाण निकाले गए। दोपहर बाद ठाकुर जी को नहलाया गया। इसके बाद रामरेवाड़ी निकालकर भगवान को नगर भ्रमण कराया गया और तालाबों व सरोवरों में जल विहार कराया गया।
आकोला नगर के विभिन्न ठाकुर जी मंदिरों से बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। इनमें छीपों का मंदिर, नीम चौक स्थित चारभुजा मंदिर, सुथारों समाज का लक्ष्मीनारायण मंदिर, भटवाड़ा मोहल्ले स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर, सदर बाजार स्थित चारभुजा मंदिर, बाजार स्थित बलदेव मंदिर, मालियों समाज का चारभुजा मंदिर और अखाड़ा चौक स्थित नृसिंह मंदिर शामिल रहे। आकोला नगर में जल झूलनी एकादशी पर एक साथ 8 बेवाणों का जुलूस निकाला गया। इनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा और बड़ी संख्या में कस्बावासी भगवान के दर्शन करने पहुंचे।
समाजसेवियों और लोगों ने जगह-जगह फूलों व फलों से बेवाणों का स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न समाजों के बड़े-बुजुर्ग ढोलक, ताल और मंजीरे बजाते हुए भजन-कीर्तन करते चल रहे थे। गाजे-बाजे के साथ रामरेवाड़ी नगर में आगे बढ़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर बाद सबसे बड़े मंदिर से जुलूस रवाना हुआ। श्रद्धालु भजन गाते हुए घोड़ा-पालकी के साथ चल रहे थे और ‘जय कन्हैयालाल की’, ‘चारभुजा नाथ की जय’ सहित अन्य जयकारे लगाए जा रहे थे। जुलूस कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए अन्य मंदिरों के बेवाणों को साथ लेकर बेड़च नदी के तट पर पहुंचा।
बेड़च नदी पर दशहरा मैदान परिसर में सभी बेवाणों को एक साथ रखा गया और महाआरती की गई। इसके बाद पुजारी ने भगवान को सांकेतिक रूप से स्नान कराया। धार्मिक आयोजन पूरा होने के बाद सभी बेवाण पुनः अपने-अपने मंदिरों के लिए रवाना हुए।
जल झूलनी एकादशी के इस आयोजन के दौरान आकोला पुलिस मय जाब्ता तैनात रहा। पूरे आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।

Nandlal Teli, Chittorgarh
प्रातःकाल संवाददाता
परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
कवरेज और विशेषज्ञता:
वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
