जैन प्रीमियर लीग (JPL) सीजन-2 का भव्य समापन: महावीर कैपिटल्स ने जीता खिताब, खेल और एकता का दिखा अनूठा संगम

निंबाहेड़ा। नाकोड़ा क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित जैन प्रीमियर लीग (JPL) सीजन-2 का भव्य एवं सफल समापन 29 मार्च 2026 को उत्साह और रोमांच के साथ सम्पन्न हुआ। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले महावीर कैपिटल्स बनाम महावीर चैलेंजर्स तथा महावीर टाइटन्स बनाम महावीर किंग्स के बीच खेले गए, जिनमें कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

महावीर कैपिटल्स का एकतरफा दबदबा और खिताबी जीत

फाइनल मुकाबला महावीर कैपिटल्स एवं महावीर टाइटन्स के बीच खेला गया, जिसमें महावीर कैपिटल्स ने एकतरफा शानदार प्रदर्शन करते हुए सीजन-2 का खिताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट में कुल 115 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 72 खिलाड़ियों को ऑक्शन के माध्यम से विभिन्न टीमों में शामिल किया गया था। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विजेता टीम महावीर कैपिटल्स के ओनर सौम्य चपलोत एवं उपविजेता महावीर टाइटन्स के ओनर आशीष बोडाना को मुख्य अतिथियों द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

महिला और बाल वर्ग की सक्रिय भागीदारी

मुख्य प्रतियोगिताओं के साथ ही महिला वर्ग के नॉकआउट मुकाबलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 70 महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं अंडर-15 बालकों के लिए भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिससे जैन समाज में खेल भावना को बढ़ावा मिला और एकता का संदेश प्रसारित हुआ।

अमन मेहता बने सीजन के सबसे महंगे और स्टार खिलाड़ी

टूर्नामेंट के स्टार खिलाड़ी अमन मेहता, जो सर्वाधिक 7,80,000 पॉइंट्स में बिके, ने पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 बार “मैन ऑफ द मैच” का खिताब अपने नाम किया। यह आयोजन न केवल खेल प्रतियोगिता का मंच बना, बल्कि समाज में एकता, उत्साह और भाईचारे का प्रतीक भी सिद्ध हुआ।

मुख्य अतिथियों की उपस्थिति और आयोजन समिति की सराहना

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक (पूर्व यूडीएच मंत्री) श्रीचंद कृपलानी, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, कमलेश बनवार, बीजेएस अध्यक्ष वीरेश चपलोत, नितिन चतुर्वेदी, अशोक जाट, देवकरण समदानी एवं रत्नेश छाजेड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए नाकोड़ा क्रिकेट क्लब की पूरी कमेटी की जैन समाज एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा सराहना की गई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story