निम्बाहेड़ा। जैन जागृति सेंटर, निम्बाहेड़ा के सचिव अतुल सेठिया की मुंबई यात्रा के दौरान केंद्रीय पदाधिकारियों से हुई महत्वपूर्ण मुलाकात में सेंटर की सामाजिक सेवा गतिविधियों, संगठनात्मक समन्वय और शिक्षा ऋण योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर केंद्रीय पदाधिकारियों ने राजस्थान में निम्बाहेड़ा सेंटर की गतिविधियों को प्रथम स्थान पर बताया।

सेंटर की ओर से आधिकारिक मुंबई यात्रा के दौरान अतुल सेठिया विले पार्ले स्थित जैन जागृति सेंटर चैरिटेबल ट्रस्ट के केंद्रीय कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्रीय पदाधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की। सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य निम्बाहेड़ा सेंटर की गतिविधियों से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराना और संगठनात्मक समन्वय को अधिक मजबूत करना रहा।

मुलाकात के दौरान निम्बाहेड़ा में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और सेवा गतिविधियों की विस्तार से जानकारी साझा की गई। इसके साथ ही शिक्षा ऋण (एजुकेशन लोन) योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद विद्यार्थियों को उपलब्ध सहयोग और योजनाओं की बेहतर समझ विकसित की जा सके।

इस अवसर पर जैन जागृति सेंटर के चेयरमैन एवं ट्रस्टी संजय शाह, आईपी चेयरमैन एवं ट्रस्टी जितेंद्र कोठारी, वाइस चेयरमैन प्रफुल्ल वी. कामदार, सचिव अमित डांगी, सचिव एवं परमानेंट ट्रस्टी राजेश भंसाली, ट्रेजरर एवं होल्डिंग ट्रस्टी कीर्ति शाह, परमानेंट ट्रस्टी अनिल डोसी तथा एग्जीक्यूटिव ट्रस्टी नितिन पारख सहित केंद्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे। अतुल सेठिया ने सभी पदाधिकारियों को निम्बाहेड़ा सेंटर की ओर से संचालित कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान केंद्रीय पदाधिकारियों ने राजस्थान में निम्बाहेड़ा सेंटर की गतिविधियों को प्रथम स्थान पर बताया।

भेंट के दौरान सेंटर बोर्ड के आईपी चेयरमैन जितेंद्र कोठारी ने निम्बाहेड़ा सेंटर के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक अशोक नवलखा से दूरभाष पर बातचीत की। इस दौरान निम्बाहेड़ा सेंटर की ओर से संचालित सभी सामाजिक सेवा प्रकल्पों की सराहना की गई।

अशोक नवलखा ने बताया कि सामाजिक सरोकारों के प्रति सहभागिता निभाते हुए जैन जागृति सेंटर, निम्बाहेड़ा की ओर से जैन जागृति सेंटर सेंट्रल बोर्ड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा मुंबई में 6 दिसंबर को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह के लिए 5,100 रुपये (पांच हजार एक सौ रुपये) की सहयोग राशि भेंट की गई है।

अतुल सेठिया की इस आधिकारिक यात्रा और केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ हुई मुलाकात को निम्बाहेड़ा सेंटर तथा केंद्रीय संगठन के बीच आपसी संवाद और समन्वय मजबूत करने के साथ सामाजिक सेवा गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Next Story