चित्तौड़गढ़ में अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन ट्रस्ट) की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की भव्य रथयात्रा महोत्सव का आयोजन दिव्य भक्ति-भाव और उत्साह के साथ किया जाएगा। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार भी श्रद्धालुओं और भक्तों में रथयात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस दिव्य महोत्सव में हजारों श्रद्धालु शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ जी के दर्शन तथा हरिनाम संकीर्तन का लाभ प्राप्त करते हैं। इस वर्ष भी राजस्थान के विभिन्न जिलों और नगरों, जिनमें जयपुर, भीलवाड़ा, कोटा, प्रतापगढ़, निम्बाहेड़ा, उदयपुर, राजसमंद सहित अन्य स्थानों से बड़ी संख्या में भक्तगण चित्तौड़गढ़ पहुंचेंगे।

रथयात्रा को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न शहरों से संकीर्तन दल भी अपनी मधुर हरिनाम संकीर्तन सेवा के साथ शामिल होंगे। आयोजन के दौरान भक्ति, संकीर्तन और श्रद्धा का वातावरण पूरे नगर में देखने को मिलेगा।

भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा 18 जुलाई को अपराह्न 3 बजे मीरा मार्केट स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होगी। हरिनाम संकीर्तन, नृत्य और जयघोष के साथ नगर भ्रमण करती हुई यह रथयात्रा ऋतुराज वाटिका पहुंचेगी। यहां महाआरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भगवान के विशेष दर्शन तथा हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की भव्य व्यवस्था की जाएगी। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी की संभावना है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story