बस्सी। साड़ास थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2 किलो 542 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की है। कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज उदयपुर द्वारा अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक गंगरार उदयसिंह चुण्डावत के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।

29 सितंबर 2026 को जिला स्पेशल टीम और साड़ास थानाधिकारी सोनाली शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घोड़ी घाटा से सुरजनियास आने-जाने वाले आम रोड पर सरहद कांगसो की धातोल में नाकाबंदी की। इस दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर दो जवान उम्र के लड़के बैठे दिखाई दिए। संदिग्ध लगने पर दोनों को डिटेन किया गया।

पुलिस ने दोनों के बीच रखे गत्ते के डिब्बे को खोलकर देखा तो उसमें दो पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियां मिलीं। जांच करने पर थैलियों में कुल 2 किलो 542 ग्राम अवैध अफीम होना पाया गया। पुलिस ने अवैध अफीम और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत नियमानुसार गिरफ्तार किया। मामले में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में राजुलाल पिता छीतरमल कुमावत, उम्र 29 साल, निवासी बान्दनवाड़ा, पुलिस थाना साड़ास, जिला चित्तौड़गढ़ और नारायण लाल पिता अर्जुन लाल गाडरी, उम्र 28 साल, निवासी बान्दनवाड़ा, पुलिस थाना साड़ास, जिला चित्तौड़गढ़ शामिल हैं।

कार्रवाई में पुलिस थाना साड़ास की टीम में थानाधिकारी सोनाली शर्मा, कांस्टेबल बाबूलाल, विकास, मुकेश, मखन लाल और चालक निखिल शामिल रहे। जिला स्पेशल टीम में हैड कानि. प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतनसिंह, अजय कुमार, बलराम मीणा, मनोज कुमार, शीशराम, प्रीतम और बलराम शामिल रहे।

अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई इस कार्रवाई में 2 किलो 542 ग्राम अवैध अफीम और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Next Story