भूपालसागर में अफीम किसानों ने डोडा चूरा मुआवजा और 1992 से कटे पट्टों को बहाल करने की मांग की। संघ ने वित्त मंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

भूपालसागर। प्रातःकाल संवाददाता अरविंद गर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय अफीम किसान संघ के बैनर तले बुधवार को भूपालसागर में अफीम किसानों ने एक विशाल 'अफीम किसान जागरण रैली' निकालकर अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरी। इस दौरान सैकड़ों किसानों की उपस्थिति में संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुर्गेश जोशी का किसान नेता देशराज गुर्जर द्वारा साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। रैली के समापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष दुर्गेश जोशी और जिला अध्यक्ष विजय लाल मेनारिया के नेतृत्व में किसानों ने उपखंड अधिकारी महेश गगोरिया को भारत सरकार के वित्त मंत्री एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

रैली को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष दुर्गेश जोशी ने डोडा चूरा को लेकर सरकार की दोहरी नीति पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग द्वारा वर्ष 2018 से 2026 तक के डोडा चूरा को बकाया मानकर नष्टीकरण की सूचना मांगे जाने से किसान अत्यधिक मानसिक परेशानी में हैं। वास्तविकता यह है कि किसानों ने जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में अपने स्तर पर ही खेतों में डोडा चूरा नष्ट कर दिया था। उन्होंने इस बकाया कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने, उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करने और वर्ष 2026 के डोडा चूरा नष्टीकरण से पूर्व किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

ज्ञापन में किसानों ने अफीम का मूल्य अंतर्राष्ट्रीय बाजार दरों के अनुरूप बढ़ाने, एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 को हटाने तथा लुवाई, वाला और डोडा चूरा को नारकोटिक्स एक्ट के दायरे से बाहर करने की पुरजोर मांग की। साथ ही, कच्चा तोल रजिस्टर बंद कर प्रथम चिर चालू व बंद पर अफीम का तोल लेने, अफीम क्लास देने के उपरांत सभी को उच्चतम दर पर भुगतान करने और दो भागों में अफीम बुवाई की स्वीकृति देने का आग्रह किया गया। संघ ने सीपीएस व मॉर्फिन पद्धति को किसान विरोधी करार देते हुए इसमें बदलाव की मांग की और वर्ष 1992 से विभागीय त्रुटि, औसत या प्राकृतिक आपदा के कारण कटे सभी पुराने पट्टों को पुनः जारी करने पर बल दिया। उपखंड अधिकारी महेश गगोरिया ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मांगों के निराकरण हेतु उचित स्तर पर ज्ञापन प्रेषित करने का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम में शंकर लाल जाट, मोहनलाल गुर्जर, शान्तिलाल गुर्जर, बद्रीलाल खारोल, शान्तिलाल खटीक, ईश्वरलाल खटीक सहित पारी, अनोपपुरा, सांवलिया खेड़ा आदि गांवों के सैकड़ों किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अफीम किसान संघ भूपालसागर ब्लॉक की नवीन कार्यकारिणी घोषित की गई, जिसमें अम्बालाल गुर्जर अध्यक्ष, माधवलाल जाट सांवलिया खेड़ा उपाध्यक्ष, दिनेश जाट पारी कोषाध्यक्ष, किशन लाल गुर्जर व सम्पत लाल जाट पारी महामंत्री, दल्ली चन्द खटीक पारी सचिव तथा रामचंद्र गुर्जर पारी संयुक्त सचिव सर्वसहमति से नियुक्त किए गए।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story