चित्तौड़गढ़। वीरों की धरती चित्तौड़गढ़ एक बार फिर इतिहास की साक्षी बनी, जब सांसद खेल महाकुंभ और सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के माध्यम से खेल, संस्कृति और सामाजिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। यह आयोजन न केवल भव्यता और अनुशासन का प्रतीक बना, बल्कि चित्तौड़गढ़ को राष्ट्रीय पटल पर एक नई पहचान भी दिला गया।

सांसद खेल महाकुंभ के दौरान यह एक सुखद संयोग रहा कि जिस मंच से दो दिन पूर्व वर्ल्ड कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिलदेव ने खेलों को बढ़ावा देने का संदेश दिया था, उसी मंच पर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सीपी जोशी की पहल से आयोजित सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में चित्तौड़गढ़ की मातृशक्ति ने पारंपरिक घूमर लोकनृत्य के माध्यम से ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग मंत्री अविनाश गहलोत, सांसद सीपी जोशी, विधायक श्रीचंद कृपलानी, चंद्रभान सिंह आक्या, डॉ. सुरेश धाकड़, अर्जुनलाल जीनगर, फूल सिंह मीणा और लादुलाल पितलिया बने। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी और पुष्कर तेली भी उपस्थित रहे।

इस ऐतिहासिक आयोजन के साथ ही चित्तौड़गढ़ को एक और बड़ी सौगात मिली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसद सीपी जोशी की अनुशंसा पर केन्द्र सरकार की खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत 4.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम का लोकार्पण किया। लोकार्पण अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह आधुनिक इंडोर स्टेडियम चित्तौड़गढ़ और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा तथा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सांसद सीपी जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि यह मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम केवल एक भवन नहीं, बल्कि चित्तौड़गढ़ के युवाओं के सपनों को साकार करने का केंद्र बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के खेलो इंडिया विजन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस स्टेडियम में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, जूडो, टेबल टेनिस, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती जैसे खेलों के लिए चार अंतरराष्ट्रीय स्तर के आधुनिक कोर्ट विकसित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, वॉशरूम, बैठक हॉल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने घूमर नृत्य के माध्यम से बने विश्व रिकॉर्ड के लिए सांसद सीपी जोशी को विशेष रूप से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ की धरती पर आयोजित यह आयोजन परंपरा, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता की एक अद्भुत मिसाल है, वहीं मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए नए आयाम स्थापित करेगा।

कार्यक्रम के पश्चात सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देते हुए सांसद सीपी जोशी ने रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह, श्रवण सिंह राव, सुधीर जैन, मनोज पारीक, गौरव त्यागी, गोपाल इनाणी, पंकज बसेर, शेखर शर्मा, शांतनु काबरा, शुभम सुखपाल और हिमांशु जाजू सहित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार प्रातः इंदिरा गांधी स्टेडियम में सामूहिक साफ-सफाई अभियान भी चलाया। यह पहल इस बात का प्रमाण बनी कि बड़े आयोजन केवल रिकॉर्ड तक सीमित नहीं होते, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़े होते हैं।

सांसद खेल महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं का भव्य और ऐतिहासिक समापन हुआ। खेलों की ऊर्जा और घूमर की गरिमा ने मिलकर चित्तौड़गढ़ को खेल और संस्कृति—दोनों ही क्षेत्रों में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story