विश्व की सबसे बड़ी जिंक और सिल्वर उत्पादक कंपनी, हिन्दुस्तान जिंक ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर को आधिकारिक रूप से ‘जिंक मार्क’ प्रमाणन प्राप्त किया है। भारत में यह उपलब्धि हासिल करने वाला यह पहला प्लांट है, जिसका मूल्यांकन कॉपर मार्क एश्योरेंस प्रोसेस के तहत जिंक मार्क मानदंडों को पूरा करने वाले साइट के रूप में किया गया है।

जिंक मार्क एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का मानक है, जो स्वतंत्र रूप से यह सुनिश्चित करता है कि कोई प्लांट कितनी जिम्मेदारी से संचालित हो रहा है। इस प्रमाणन में कम कार्बन उत्सर्जन और ऊर्जा की बचत, जल प्रबंधन और कचरा निपटान, कर्मचारियों की सुरक्षा, मानवाधिकारों का सम्मान तथा पारदर्शी और नैतिक व्यापारिक नीतियों जैसे प्रमुख मानकों का आकलन किया जाता है।

वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में, जब सतत विकास और जिम्मेदार धातु उत्पादन की मांग तेजी से बढ़ रही है, यह प्रमाणन हिन्दुस्तान जिंक की विश्वसनीयता को वैश्विक स्तर पर और सुदृढ़ करता है। यह उपलब्धि कंपनी द्वारा स्थापित पर्यावरणीय, सामाजिक और शासन मानकों के अनुरूप मजबूत नीतियों और जिम्मेदार परिचालन प्रथाओं के निरंतर क्रियान्वयन को दर्शाती है।

इस उपलब्धि पर हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अरुण मिश्रा ने कहा कि चंदेरिया स्मेल्टर को ‘जिंक मार्क’ मिलना केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा का संकेत है। उन्होंने कहा कि कंपनी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ मेटल उत्पादन की परिभाषा बदल रही है, जिससे भारत को सस्टेनेबल और जिम्मेदारी से उत्पादित धातुओं के एक भरोसेमंद सप्लायर के रूप में वैश्विक मंच पर स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इंटरनेशनल काउंसिल ऑन माइनिंग एंड मेटल्स के सिद्धांतों के अनुरूप, कंपनी अपने सभी कार्यों में जिम्मेदार खनन प्रथाओं को शामिल कर रही है, जिससे वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में विश्वास मजबूत हो रहा है।

कॉपर मार्क और इसका धातु-विशिष्ट जिंक मार्क फ्रेमवर्क बहु-हितधारक शासन दृष्टिकोण पर आधारित है, जिसका उद्देश्य महत्वपूर्ण सामग्रियों के जिम्मेदार उत्पादन को बढ़ावा देना है। इसके तहत प्रमाणित स्थल न केवल परिचालन दक्षता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, बल्कि समुदायों पर सकारात्मक प्रभाव डालने और मानवाधिकारों के सम्मान में भी अग्रणी रहते हैं। यह प्रमाणन परिचालन स्तर पर प्रदर्शन को मान्यता देते हुए निरंतर प्रगति को प्रोत्साहित करता है और पारंपरिक ईएसजी रेटिंग से आगे की पहल माना जाता है।

हिन्दुस्तान जिंक को हाल ही में एसएण्डपी ग्लोबल कॉर्पोरेट सस्टेनेबिलिटी असेसमेंट 2025 में लगातार तीसरे वर्ष दुनिया की सबसे सस्टेनेबल मेटल्स और माइनिंग कंपनी का दर्जा दिया गया है। कंपनी का लक्ष्य कार्बन उत्सर्जन में कमी, जल संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देना है। इस प्रमाणन के साथ, हिन्दुस्तान जिंक ने वैश्विक वैल्यू चेन में भारत की स्थिति को और अधिक सशक्त बना दिया है, जो देश को जिम्मेदारी से उत्पादित धातुओं के विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story