चित्तौड़गढ़। भदेसर पंचायत समिति सभागार में मंगलवार को आयोजित साधारण सभा की बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग और अन्य विकास कार्यों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच गंभीर चर्चा देखने को मिली। बैठक की अध्यक्षता प्रधान सुशीला कंवर ने की, जिसमें सांसद चंद्र प्रकाश जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, अर्जुन लाल जीनगर, उपखंड अधिकारी रजनी मीणा, तहसीलदार शिव सिंह, विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा, डिप्टी विनय कुमार लखेरा, थाना अधिकारी गेवरचंद सहित भदेसर पंचायत समिति के समस्त सदस्य, ग्राम पंचायत प्रशासक, ब्लॉक लेवल अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य रूप से सार्वजनिक निर्माण विभाग पर अधिकांश जनप्रतिनिधियों ने तीखा रोष व्यक्त किया। भालुनडी प्रशासक नारायण सिंह ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाए, वहीं करेडिया सरपंच ने आवरी माता आकोला खुर्द सड़क की दुर्दशा और गरदाना सड़क की स्थिति पर आपत्ति जताई। दो घंटे तक चली बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग पर केंद्रित बहस के साथ-साथ चिकित्सा विभाग के कामकाज को लेकर विधायक आक्या ने खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी से सवाल पूछे और डेपुटेशन पर लगे कर्मचारियों को तत्काल वापस बुलाने का निर्देश दिया।

आसावरा माता सरपंच प्रतिनिधि अशोक रायका ने शमशान भूमि के लिए भूमि झाडोली चरणोट का मामला उठाया। भदेसर पंचायत समिति सदस्य सीमा शर्मा ने भदेसर मुख्यालय में अन्नपूर्णा रसोई खोलने और राजीविका के लिए भवन उपलब्ध करवाने की मांग की, जिस पर विधायक आक्या ने बैठक के दौरान ही जिला कलेक्टर से चर्चा कर सात दिवस के भीतर अन्नपूर्णा रसोई की स्थापना के लिए सहमति व्यक्त की।

वन विभाग और विला नाम भूमि से संबंधित मुद्दा पवन आचार्य ने उठाया, वहीं भादसोड़ा सरपंच ने खेल मैदान की भूमि पर लगे विद्युत तार के बारे में चर्चा की। नाहरगढ़ में निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं के समाधान के लिए विद्युत विभाग के सहायक अभियंता प्रभु लाल प्रजापत ने पुलिस जाप्ता उपलब्ध कराने की मांग रखी। समाजसेवी प्रकाश भट्ट ने भदेसर में एम्बुलेंस सुविधा की कमी की जानकारी दी।

बैठक की शुरुआत से पूर्व सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया गया और बैठक के समापन पर प्रधान सुशीला कंवर का आभार व्यक्त किया गया। इस बैठक ने स्थानीय विकास, सड़क एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर केंद्रित समस्याओं को उजागर किया और अधिकारियों के साथ मिलकर समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने की संभावनाओं को मजबूत किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story