सेवानिवृत्त एक्सईएन हजारीलाल मेघवाल कांग्रेस में शामिल, आंजना ने किया स्वागत
पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता हजारीलाल मेघवाल को पार्टी का उपर्णा ओढ़ाकर सदस्यता दिलाई और संगठन की मजबूती पर बल दिया।

निंबाहेड़ा के पेच एरिया स्थित कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना सेवानिवृत्त एक्सईएन हजारीलाल मेघवाल का उपर्णा ओढ़ाकर स्वागत करते हुए।
निंबाहेड़ा निवासी सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) हजारीलाल मेघवाल ने शुक्रवार को निंबाहेड़ा स्थित पेच एरिया परिसर में कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने उन्हें कांग्रेस पार्टी का उपर्णा ओढ़ाकर आत्मीय अभिनंदन करते हुए कांग्रेस परिवार में हार्दिक स्वागत किया।
संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा और मजबूती
पेच एरिया स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश की सबसे पुरानी और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित पार्टी है, जिसने सदैव समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास और सामाजिक समरसता की राह पर कार्य किया है।" उन्होंने कहा कि हजारीलाल मेघवाल जैसे अनुभवी, शिक्षित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व के कांग्रेस परिवार में शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों, सामाजिक न्याय और विकास की विचारधारा को और प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा।
पार्टी की विचारधारा में अटूट आस्था
इस अवसर पर हजारीलाल मेघवाल ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा में अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि "कांग्रेस पार्टी सदैव गरीब, किसान, मजदूर, युवा और वंचित वर्गों के हितों की आवाज उठाने वाली पार्टी रही है।" उन्होंने कहा कि वे पार्टी की विचारधारा से प्रेरित होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर निंबाहेड़ा नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष चंद्र शारदा, चित्तौड़गढ़ ज़िला फुटबॉल संघ अध्यक्ष पूरण आंजना, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बंशीलाल राईवाल, संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी, चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मनोज पारख, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना, कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ नगर अध्यक्ष मोहम्मद कुरैशी, ब्लॉक एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष रविंद्र कुमार मेघवाल, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन प्रकोष्ठ नगर अध्यक्ष रोमी पोरवाल, नगर कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष शमशू कमर मंसूरी, मुकेश मेघवाल, महासचिव ओमप्रकाश शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता बालकिशन अहीर, शंभुलाल मेघवाल, गोपाल मेघवाल, रतनलाल प्रजापत खारा, भरत प्रजापत चरलिया, पूर्व पार्षद शांतिलाल लाडना, राजेश सांड, एवं भंवरलाल मेनारिया, महावीर पालेचा, विकास धाकड़, समरथ रैगर, आशुतोष टांक, विष्णु मीणा, कमलेश मीणा, तथा कार्यालय प्रभारी ज़ाकिर हुसैन सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
मेघवाल समाज द्वारा आंजना का अभिनंदन
कार्यक्रम के प्रारंभ में मेघवाल समाज के गणमान्यजनों द्वारा राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना का माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों ने हजारीलाल मेघवाल का भी स्वागत करते हुए उन्हें कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
