चित्तौड़गढ़ में हरियालो राजस्थान अभियान: विधायक आक्या ने लगाया पौधा, दिया संरक्षण का संदेश
चित्तौड़गढ़ में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत विधायक आक्या ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल का संदेश दिया।

तस्वीर में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और अन्य गणमान्य व्यक्ति महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कीरखेड़ा में पौधारोपण करते और पौधे को पानी देते नजर आ रहे हैं।
प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के संदेश के साथ शनिवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कीरखेड़ा में हरियालो राजस्थान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने विद्यार्थियों और वार्डवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं।
विधायक आक्या ने कहा कि पौधारोपण प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारे कर्तव्य का प्रतीक है। यदि हमें अपने भविष्य को सुरक्षित रखना है तो अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे और उनसे भी अधिक महत्वपूर्ण उनकी देखभाल करनी होगी।
उन्होंने कहा कि आज लगाए जा रहे पौधे आने वाले वर्षों में विशाल वृक्ष बनकर समाज और पर्यावरण की सेवा करेंगे। इसलिए सभी केवल पौधा लगाकर अपना दायित्व पूरा न समझें, बल्कि उसकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लें। हम सभी को यह प्रण लेना चाहिए कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएगा और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करेगा। यदि समाज का प्रत्येक नागरिक यह संकल्प ले ले, तो हमारा देश हराभरा, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बन सकता है।
इससे पूर्व विधायक आक्या द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का आरंभ किया गया। प्रधानाचार्य ममता चारण और विद्यालय स्टॉफ द्वारा अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इस दौरान विधायक आक्या और अतिथियों द्वारा 50 से अधिक पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शम्भुलाल भोई, प्रधानाचार्य ममता चारण, अर्जुन मूंदड़ा, शेलेन्द्र झंवर, बाल किशन भोई, ओमप्रकाश शर्मा, भरत जागेटिया, विक्रम सिंह, किशन कीर, गणेश, रतनलाल, नारायण, जगमोहन, पूरण, मुकेश काबरा, बलवंत बाबेल, अरमान खान, रतनलाल, देवराज कीर, सोनू साहू, विनिता जैन, प्रमीला बोहरा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे। पौधारोपण कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और पौधों की नियमित देखभाल का संदेश दिया गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
