हरियाली अमावस्या पर आकोला में उमड़ा आस्था का सैलाब, शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना
आकोला में हरियाली अमावस्या श्रद्धा और उल्लास से मनाई गई। साण्डेश्रर महादेव सहित शिव मंदिरों में जलाभिषेक, हवन-यज्ञ, विशेष श्रृंगार और पूजा हुई, जबकि झमाझम बारिश के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी।

तस्वीर में आकोला के शिव मंदिर में फूलों से सजा हुआ शिवलिंग और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है।
प्रातः काल संवाददाता नन्द लाल तेली, चित्तौड़गढ़।
आकोला क्षेत्र में हरियाली अमावस्या का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एक दिवसीय मेले का आयोजन हुआ। शिव मंदिरों में आकर्षक श्रृंगार किया गया, वहीं झमाझम बारिश का दौर भी जारी रहा। बारिश के बीच लोगों में पर्व को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।
सावन कृष्ण पक्ष अमावस्या के अवसर पर सुबह से ही आकोला सहित आसपास के इलाकों में धार्मिक आयोजन हुए। मुख्य बस स्टैंड पर मिठाई की दुकानों पर लोगों ने गर्म रबड़ी और मालपुए का आनंद लिया। हरियाली अमावस्या के अवसर पर शिव मंदिरों में ओम नमः शिवाय के मंत्र जाप के साथ श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक का सिलसिला दिनभर चलता रहा।
आकोला क्षेत्र की पहाड़ी पर स्थित साण्डेश्रर महादेव मंदिर में हरियाली अमावस्या पर श्रद्धालुओं का दिनभर तांता लगा रहा। वहीं पीपा क्षत्रिय दर्जी समाज के लोगों ने महादेव मंदिर के शिखर पर नई ध्वजा चढ़ाई। आण का महादेव मंदिर पर भी विशेष पूजा-अर्चना की गई।
दिन में अभिषेक और विभिन्न अनुष्ठानों के साथ भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार कराया गया। जवाहर नगर कॉलोनी स्थित त्रंबकेश्रर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया गया तथा पंडित द्वारा हवन-यज्ञ कराया गया।
मान्यता है कि अमावस्या पर्व के दिन महादेव की पूजा-अर्चना फलदायी रहती है। इसी आस्था के साथ सावन माह में भोलेनाथ के भक्तों ने शिवलिंग का दूध, दही, शहद और जल से अभिषेक कर बिल्व पत्र, धतूरा और पुष्प आदि चढ़ाकर मंगल-कामनाएं कीं। मंदिरों में ओम नमः शिवाय की गूंज रही और मनोकामना के लिए अभिषेक किए जाते रहे।
महिलाओं ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की और मंगल गीत गाए। साथ ही क्षेत्र में शीघ्र अच्छी बारिश के लिए इन्द्र देव से प्रार्थना की गई। हरियाली अमावस्या पर बारिश के बीच मंदिरों में हुई पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों से आकोला क्षेत्र में दिनभर आस्था का माहौल बना रहा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
