डूंगला-चिकारड़ा के मंगलवाड़–निंबाहेड़ा राजमार्ग पर गुरुवार को यातायात अव्यवस्था ने एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही की तस्वीर सामने रख दी। चिकारड़ा बस स्टैंड क्षेत्र में चार पहिया वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर दिए जाने से करीब एक घंटे से अधिक समय तक भीषण जाम लगा रहा। इस जाम में एक साथ तीन एंबुलेंस फंस गईं, जिससे उनमें सवार मरीजों की जिंदगी पर गंभीर खतरा मंडराता रहा।

चिकारड़ा क्षेत्र में सड़क पहले से ही संकरी है, जिसके चलते आए दिन यातायात बाधित होता रहता है। हालात तब और बिगड़ जाते हैं जब चार पहिया वाहन चालक अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा कर निजी कार्यों से बाजार की ओर निकल जाते हैं। गुरुवार को भी ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब एक चार पहिया वाहन, जिसका पंजीकरण क्रमांक RJ 37 बताया गया, बस स्टैंड के पास सड़क पर खड़ा कर दिया गया। वाहन चालक के बाजार चले जाने के कारण देखते ही देखते लंबा जाम लग गया।

जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि तीन एंबुलेंस एक साथ फंस गईं। एंबुलेंस में मौजूद मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल पाने को लेकर परिजन और राहगीर बेहद चिंतित नजर आए। मौके पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए न तो कोई पुलिसकर्मी मौजूद था और न ही कोई यातायातकर्मी, जिसके कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। ग्रामीण अंबालाल ने बताया कि जब तक बाईपास का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक अस्थायी व्यवस्था के रूप में दोनों बस स्टैंड पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाने चाहिए। साथ ही बड़े वाहनों को निंबाहेड़ा से चित्तौड़गढ़ की ओर डायवर्ट किया जाए, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके और एंबुलेंस को निर्बाध रास्ता मिल सके।

चिकारड़ा के दोनों बस स्टैंड क्षेत्रों में न तो अतिक्रमण हटाया गया है और न ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कोई प्रभावी कदम उठाया गया है। इसके चलते आमजन के साथ-साथ आपातकालीन सेवाएं भी बार-बार प्रभावित हो रही हैं। गुरुवार की घटना ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो इसका खामियाजा निर्दोष मरीजों और आम नागरिकों को भुगतना पड़ सकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story