चित्तौड़गढ़ में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, सजा गुरुद्वारा
चित्तौड़गढ़ के प्रताप नगर स्थित गुरुद्वारे में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। विशेष कीर्तन दरबार, अरदास, अटूट लंगर और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

चित्तौड़गढ़ के गुरुद्वारे में प्रकाश पर्व के अवसर पर बैठे जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु दिख रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व शहर के प्रताप नगर स्थित गुरुद्वारे में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया। सुबह से ही दर्शन और मत्था टेकने के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान और कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। रागी जत्थों ने मधुर गुरबाणी कीर्तन का गायन किया, जिसे सुनकर संगत निहाल हो उठी। श्रद्धालुओं ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर प्रदेश और देश में सुख-शांति एवं खुशहाली की अरदास की।
धार्मिक आयोजन के दौरान गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम में शहर के कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी, गौरव त्यागी, शैलेंद्र झंवर, ओम शर्मा, पार्षद मोनू सलूजा, सतपाल दुआ, जग्गू भाई और परमजीत सिंह सहित सिख समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। अतिथियों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और समस्त सिख समाज के बंधुओं को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से अतिथियों को सरोपा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। विशेष दीवान, गुरबाणी कीर्तन, अरदास और अटूट लंगर के माध्यम से आयोजित प्रकाश पर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
