चित्तौड़गढ़। जन चेतना मंच द्वारा आयोजित "मेरी आवाज मेरा समाधान" अभियान का भव्य शुभारंभ गौरा बादल पेनोरमा में किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद् उदयपुर की पूर्व महापौर रजनी डांगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही और उन्होंने ऐतिहासिक पर्यटन नगरी चित्तौड़गढ़ के विकास में आमजन की भूमिका पर जोर दिया।

रजनी डांगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्राचीन धरोहर संरक्षण और नये भारत के निर्माण के संकल्प में चित्तौड़गढ़ का ऐतिहासिक महत्व अत्यधिक है। उन्होंने पर्यटन विकास के लिए महापुरूषों के जीवंत चित्रण, जौहर मेला, पारंपरिक वस्तुएं और स्थानीय व्यंजनों का प्रचार, पेनोरमा एवं दुर्ग में एनिमेशन डॉक्यूमेंट्री, प्रभावी यातायात व्यवस्था, शहर की स्वच्छता, निर्माण में एकरूपता तथा उपेक्षित स्थलों को आकर्षक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने उदयपुर में किए गए सफल प्रयोगों का भी उदाहरण दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाजसेवी ललित शर्मा ने कहा कि सकारात्मक बदलाव और पर्यटन विकास के लिए प्रशिक्षित गाइड और ऑटो चालकों का प्रशिक्षण अनिवार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून के बजाय स्वयं प्रेरणा से नागरिक दायित्व का अहसास करना और ठोस प्रयास करना आवश्यक है।

पैनल में शिक्षाविद् सत्यनारायण शर्मा, डॉ. के.एस. कंग, योगेश जानी, अमरकंठ उपाध्याय, डॉ. सुशीला लढ़ा, डॉ. योगेश व्यास, नंदकिशोर निर्झर, नंदकिशोर पारीक, वंदना वजीरानी, बालकिशन भोई, सरदार जोगेन्द्र सिंह, मनवीर सिंह, कुंदन जैन, संजय लोठ, दिनेश खंडेलवाल, जे.पी. जोशी, राजेश शर्मा, मनोज भोजवानी, रतन लाल बोहरा, हीरालाल भोई सहित कई विशिष्ट वक्ता उपस्थित रहे। उन्होंने चित्तौड़ महोत्सव के प्रभावी आयोजन, अतिक्रमण मुक्त शहर, अरावली पर्वत श्रृंखला की सुरक्षा, हेरीटेज क्लब की स्थापना, पर्यटन स्थलों पर नकारात्मक भाव न रहना आदि विषयों पर गहन सुझाव दिए।

मंच संरक्षक डॉ. आर्इ.एम. सेठिया ने सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों से दुर्ग तक स्वच्छता, अतिक्रमण मुक्त मार्ग, टिकट विंडो का स्थान परिवर्तन, पंजीकृत प्रशिक्षित गाइड, पंजीकृत दुकानों और असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यह भी बताया कि रोप-वे निर्माण, मृगवन विहार, संगम स्थल विकास और प्रभावी पर्यटन केंद्र संचालन के लिए आमजन, सामाजिक संस्थाओं और छात्रों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

परिचर्चा के पश्चात् सभी अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों ने गोरा बादल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और “गोरा बादल अमर रहे” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इस आयोजन ने न केवल पर्यटन विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि आमजन को सक्रिय भागीदार बनने का संदेश भी दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story