चित्तौड़गढ़। लघु उद्योग भारती महिला इकाई की ओर से आयोजित तीन दिवसीय स्वयंसिद्धा 2025 स्वदेशी मेला सोमवार को बड़े उत्साह और जनसहभागिता के बीच संपन्न हुआ। अंतिम दिन मेले का मुख्य आकर्षण इस्कॉन के सहयोग से आयोजित दिव्य कृष्ण भजन संध्या और रंग-बिरंगे फाग उत्सव रहे, जिसमें महिला उद्यमियों और आगंतुकों ने जमकर भाग लिया।

रंगीलो राजस्थान थीम के अनुरूप लघु उद्योग भारती महिला इकाई की सदस्याएं फाग साड़ियों में सुसज्जित होकर कार्यक्रम में शामिल हुईं। भक्ति और संगीत से सराबोर यह संध्या पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करती नजर आई। मेले में आए प्रत्येक आगंतुक ने महिला उद्यमियों की उपलब्धियों और सांस्कृतिक प्रस्तुति की सराहना की।

समापन समारोह में सांसद सी.पी. जोशी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के मंच महिलाओं को न केवल व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाते हैं बल्कि समाज में उनकी भागीदारी को भी बढ़ावा देते हैं। राष्ट्रीय सचिव अंजू सिंह जयपुर ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए महिला इकाई के प्रयासों की प्रशंसा की और उन्हें भविष्य के मार्गदर्शन दिए।

मेला अवलोकन के दौरान एसपी मनीष त्रिपाठी और धर्मपत्नी श्रीमती वर्षा त्रिपाठी ने प्रत्येक स्टॉल का निरीक्षण कर महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित किया। प्रांतीय महामंत्री प्रवीण गुप्ता और प्रांत प्रभारी पवन गोयल ने आयोजन की सामाजिक और आर्थिक आवश्यकता पर प्रकाश डाला। साथ ही प्रांतीय सह सचिव प्रवीण टांक, प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्ञान मेहता और रुपाली सक्सेना ने महिला इकाई को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए।

मेले में भाग लेने वाले सभी विक्रेताओं को उनके सहयोग और प्रदर्शनी भावना के लिए प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। महिला इकाई अध्यक्ष अंजलि शर्मा, सचिव सुरभि बल्दवा, कोषाध्यक्ष आस्था जैन और मेला संयोजक राशि मुूदड़ा ने कहा कि स्वयंसिद्धा 2025 में राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों से 70 से अधिक व्यवसायों ने सहभागिता की। यह लघु उद्योग भारती महिला इकाई का पहला प्रयास था जिसने इतने विविध व्यापारिक मंच को सफलतापूर्वक एक साथ जोड़ा।

आयोजन की सफलता के बाद लघु उद्योग भारती महिला इकाई ने अगले वर्ष और भी व्यापक स्वरूप में स्वयंसिद्धा आयोजित करने की घोषणा की और चित्तौड़गढ़ की अधिक से अधिक महिला उद्यमियों को इस पहल से जुड़ने का आमंत्रण दिया। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वयंसिद्धा 2025 केवल एक व्यापार मेला नहीं, बल्कि महिला शक्ति, स्वदेशी सोच, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक प्रयास का प्रतीक बनकर उभरा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story