ग्राम रथ एराल पहुँचा, सांसद सीपी जोशी और विधायक आक्या ने की जनसुनवाई
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के ग्राम रथ कार्यक्रम में सांसद सीपी जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी दी और समस्याएं सुनीं।

एराल में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के ग्राम रथ कार्यक्रम के दौरान सांसद सीपी जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से संवाद कर राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और जनसुनवाई की।
राजस्थान की भजनलाल सरकार के सवा दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के ध्येय के साथ सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा संचालित 'ग्राम रथ' शुक्रवार को एराल पहुँचा। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में सांसद सी.पी. जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। सांसद जोशी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश के किसान, महिला, युवा और गरीब वर्ग को सशक्त बनाने के लिए ठोस और ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों की आय में वृद्धि और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार करने के साथ-साथ कृषि बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार किए गए हैं, जिससे उत्पादन और उत्पादकता में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने राज्य की 'डबल इंजन' सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि लोकसभा, विधानसभा, पंचायतीराज और स्थानीय निकाय चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति सुदृढ़ की जा रही है। उन्होंने बालिका शिक्षा, महिला सुरक्षा और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसरों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं के लिए सृजित नए रोजगार और कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने सरकार द्वारा सड़क, बिजली, पानी और ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। प्रवीण सिंह राठौड़ ने विस्तार से बताया कि इस 'ग्राम रथ' की मोबाइल एलईडी वैन और साहित्य के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, ऊर्जा और राजस्व जैसे विभिन्न विभागों की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
सक्रिय शासन की मिसाल पेश करते हुए सांसद सी.पी. जोशी और विधायक आक्या ने एराल में जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया। लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती देते हुए सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष गाडरी, राठौड़ और ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष भंवरसिंह खरड़ी बावड़ी ने रात्रि विश्राम भी ग्राम एराल में ही किया। शनिवार प्रातः काल रथ को आगामी गंतव्य नेतावल गढ़पाछली के लिए रवाना किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर तहसीलदार विपिन चौधरी, विकास अधिकारी समुंद्र सिंह, कृषि संयुक्त निदेशक डॉ. शंकरलाल जाट, एसीबीओ शंभुलाल सोमानी, पटवारी मिठुलाल धाकड़, ग्राम विकास अधिकारी हनुमंत सिंह सहित विभागीय अधिकारी बसंतीलाल सेन, मोहन जाट, हरिसिंह, नंदलाल जाट, घीसुलाल भांबी, गोपाल जाट, देवेन्द्र सेन, भंवरसिंह, धर्मेश बलाई, राजेन्द्रसिंह, किशन कुमावत, शिव राजपुरिया, पवन सेन, उंकारलाल जाट एवं भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
