गायत्री जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब, दो दिवसीय महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग
चित्तौड़गढ़ के गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित दो दिवसीय गायत्री जयंती महोत्सव में कलश यात्रा, दीप महायज्ञ और 30 से अधिक वैदिक संस्कारों ने हजारों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ दिया।

गायत्री शक्तिपीठ में गायत्री जयंती महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित विशाल गायत्री महायज्ञ में आहुति देते और विभिन्न वैदिक संस्कारों में भाग लेते श्रद्धालु।
गायत्री जयंती के पावन अवसर पर स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित दो दिवसीय भव्य महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और वैदिक संस्कृति के अद्भुत संगम के साथ संपन्न हुआ। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित इस आध्यात्मिक आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और विविध धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभाई।
महोत्सव का शुभारंभ 23 जून को हाथीकुंड मधुबन से निकाली गई विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश पूजन के बाद आरंभ हुई इस यात्रा में सुसज्जित बग्गी पर विराजमान मां गायत्री एवं माता सावित्री की सजीव झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। प्रज्ञा गीतों की मधुर स्वर लहरियों के बीच मातृशक्ति ने सिर पर मंगल कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। यात्रा के गायत्री शक्तिपीठ पहुंचने पर देवमंच से कलशधारी माताओं एवं बहनों का भव्य स्वागत किया गया।
रात्रि में शक्तिपीठ परिसर में संगीतमय दीप महायज्ञ का आयोजन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परमपूज्य पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य, परमवंदनीया माताजी एवं मां गायत्री की आराधना की गई तथा विश्व शांति एवं मानव कल्याण की कामना की गई। दीपों की अलौकिक आभा और भक्तिमय वातावरण ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार प्रातः विशाल गायत्री महायज्ञ आयोजित किया गया। भारतीय संस्कृति और संस्कार परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से यज्ञ स्थल पर पुंसवन, अन्नप्राशन, विद्यारंभ, यज्ञोपवीत तथा दीक्षा सहित 30 से अधिक वैदिक संस्कार संपन्न कराए गए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ इन संस्कारों में भाग लेकर वैदिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या उपस्थित रहे। गायत्री परिवार की ओर से मुख्य ट्रस्टी देवीलाल प्रजापति एवं राजन माली ने उपरना पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। विधायक आक्या ने महायज्ञ में भाग लेकर शहर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में जोगणिया माता मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने भी श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
आयोजन के दौरान हर्षवर्धन सिंह शक्तावत, रघु शर्मा, भरत जागेटिया, अनिल ईनाणी, शैलेन्द्र झंवर, प्रकाश मेहता और विनीत तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत चंद्रशेखर पालीवाल एवं नवीन माली द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में गायत्री शक्तिपीठ एवं धार्मिक गतिविधियों में विशेष योगदान देने वाले दानदाताओं का सम्मान भी किया गया। ट्रस्ट मंडल एवं अतिथियों द्वारा पार्वती देवी टेकचंदानी तथा राजमल डगवार को उपरना पहनाकर सम्मानित किया गया और उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
दो दिवसीय इस विशाल आध्यात्मिक महोत्सव के सफल संचालन में गायत्री शक्तिपीठ प्रबंध ट्रस्ट समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्य ट्रस्टी देवीलाल प्रजापति, सहायक ट्रस्टी किरण यादव, तुलसीराम धाकड़, गायत्री धाकड़, बाबूलाल माली, प्रभा पालीवाल, अशोक कुमार जैन एवं अशोक कुमार सोनी सहित समस्त पदाधिकारियों के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
महायज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के समापन पर ट्रस्ट समिति ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज में आध्यात्मिक जागरण और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
