युवा संवाद में मंत्री गौतम दक ने सैकड़ों युवाओं से किया संवाद, विकास कार्यों पर चर्चा
बड़ी सादड़ी में युवा संवाद कार्यक्रम में मंत्री गौतम दक ने सैकड़ों युवाओं से संवाद कर पेपर लीक, रोजगार और जनहित योजनाओं पर बात की।

तस्वीर में सहकारिता मंत्री गौतम दक बड़ी सादड़ी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं।
बड़ी सादड़ी विधानसभा क्षेत्र में डूंगला, आसावरा एवं मंगलवाड़ मंडल के युवा कार्यकर्ताओं के साथ सहकारिता मंत्री गौतम दक ने युवा संवाद कार्यक्रम के माध्यम से संवाद किया। कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री गौतम दक ने कहा कि आज का युवा भारत माता की जय बोलने वाला है, न कि देश तोड़ने वालों के साथ। आज की युवा शक्ति भारत को वैभवशाली देश के रूप में देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि देश को कमजोर करने वाली ताकतें आज अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाई हैं।
मंत्री दक ने कहा कि 19 पेपर लीक करवाने वाले उनकी सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री डोटासरा का शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा मांगना बहुत ही हास्यास्पद है। पंजाब और कर्नाटक में पेपर लीक के मामलों पर नहीं बोलने वाले कांग्रेसी किस मुंह से पेपर लीक का मामला उठाते हैं। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने पेपर लीक माफियाओं को जेल भेजने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान आज सरकारी नौकरियां देने में अव्वल प्रदेश बना है। नरेन्द्र मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार को समाप्त करने का कार्य किया है। डबल इंजन की सरकार युवाओं को नित नए अवसर देने का कार्य कर रही है।
मंत्री दक ने कहा कि देश की जनता के लिए जनधन के खाते खुलवाने, उज्ज्वला सिलेंडर देने, निःशुल्क आवास, शौचालय सहित जनहित की योजनाएं मोदी सरकार ने लागू की हैं। किसानों के हित के लिए देश के 10 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि देने का काम भी मोदी सरकार ने किया है।
मंत्री गौतम दक ने पंचायती राज चुनाव में मतभेद भुलाकर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान डूंगला मंडल अध्यक्ष पूरण मल अहिर, आसावरा मंडल अध्यक्ष नेमीचंद भाट और मंगलवाड़ मंडल अध्यक्ष भैरूलाल गायरी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
