सहकारिता मंत्री गौतम दक ने एलवा माता में किया छात्रावास का उद्घाटन
बड़ी सादड़ी विधायक और मंत्री गौतम दक ने एलवा माता मंदिर परिसर में नवनिर्मित मेघवाल समाज छात्रावास एवं सराय का लोकार्पण कर भामाशाहों का सम्मान किया।

एलवा माता मंदिर परिसर में आयोजित समारोह के दौरान मेघवाल समाज के पंचों द्वारा सहकारिता मंत्री श्री गौतम दक का विशाल पुष्पहार पहनाकर अभिनंदन किया गया।
राजस्थान सरकार में सहकारिता मंत्री तथा बड़ी सादड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री गौतम दक ने रविवार को एलवा माता मंदिर परिसर में समस्त चौखला मेघवाल समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए श्री एलवा माता मेघवाल समाज छात्रावास भवन एवं सराय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में निर्माण कार्य में सहयोग देने वाले भामाशाह कार्यकर्ताओं का अभिनंदन भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री गौतम दक ने अपने भाषण की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के जयघोष से की। उन्होंने कहा कि छात्रावास भवन के निर्माण में योगदान देने वाले भामाशाहों का कर्तव्यनिष्ठा के साथ सम्मान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने राज्य में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पांचवीं से आठवीं तक के स्कूल भैरों सिंह शेखावत की सरकार में स्थापित हुए, जबकि आठवीं से 12वीं तक के स्कूल वसुंधरा राजे की सरकार में विकसित हुए। बड़ीसादड़ी और डूंगला में राजकीय महाविद्यालय भी भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्थापित हुए हैं, जिनके भवन वर्तमान में निर्माणाधीन हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों की जिम्मेदारी वे स्वयं लेंगे और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने समाज से राष्ट्रवाद की भावना के साथ बच्चों की प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया और स्पष्ट किया कि अच्छे कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। साथ ही समाज की खेल प्रतिभाओं को भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने पंचायती राज में आरक्षण लागू कर सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का श्रेय भारतीय जनता पार्टी सरकार को देते हुए समाज से कुरीतियों को समाप्त कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयास करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी एवं किताबों हेतु एक लाख रुपये तथा निकुंम्भ मंदिर के विकास के लिए पांच लाख रुपये की घोषणा की गई।
समारोह में मंत्री का स्वागत घोड़े पर बिठाकर जुलूस के रूप में कार्यक्रम स्थल तक लाकर किया गया। समस्त चौखला मेघवाल समाज के पंचों ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सराय निर्माण समिति के अध्यक्ष श्री मानक चंद्र मेघवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में आयोजन समिति के अध्यक्ष गंगाराम बोहेड़ा, एलवा माता विकास समिति के अध्यक्ष नारायण व्यास सहित नरेंद्र सिंह भुरकिया, मुकेश खटीक, भेरूलाल गायरी, मांगीलाल जनवा, तुलसीराम शर्मा, नेमीचंद भाट्ट, हीरालाल रावत, प्रकाश जाट, बाबूलाल गायरी, पहलवान सालवी, श्याम गुर्जर, सोहनी देवी मीणा और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल सामाजिक एकता और सहयोग की मिसाल बना, बल्कि शिक्षा और सामुदायिक विकास के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ करता हुआ नजर आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
