चित्तौड़गढ़ में पारिवारिक विवाद का खूनी अंत, पत्नी की हत्या के बाद बेटे ने पिता को पीट-पीटकर मार डाला
चित्तौड़गढ़ के सुवाणियां गांव में पारिवारिक विवाद में पत्नी की गोली मारकर हत्या के बाद बेटे ने पिता की हत्या कर दी। पुलिस जांच में जुटी है।

तस्वीर में दिख रही महिला और पुरुष चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र के सुवाणियां गांव में एक छत के नीचे खड़े हैं।
चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र के सुवाणियां गांव में सोमवार देर रात पारिवारिक विवाद और रंजिश ने दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। पति ने अपनी दूसरी पत्नी भोमली पर बंदूक से गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मां की आंखों के सामने हुई हत्या से गुस्साए बेटे अनिल ने लाठी से पिता भगवान लाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची भगवान लाल की लिव-इन पार्टनर तारा भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक भगवान लाल मूल रूप से भैरूसिंह जी का खेड़ा का निवासी था। उसकी दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी लाडू की दो बेटियां हैं, जबकि दूसरी पत्नी भोमली के दो बेटे और दो बेटियां हैं। भगवान लाल पिछले कुछ समय से अपनी दोनों पत्नियों से अलग सुवाणियां गांव में नदी किनारे स्थित खेत पर तारा नाम की महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। वह वहीं फसल और मवेशियों की देखरेख करता था। इस वजह से परिवार में काफी समय से तनाव और मनमुटाव चल रहा था।
सोमवार रात करीब 9 बजे परिवार के लोग भगवान लाल को वापस घर लौटने की समझाइश देने खेत पर पहुंचे। शुरुआत में बातचीत शांत रही, लेकिन जल्द ही कहासुनी, गाली-गलौज और तीखे विवाद में बदल गई। इसी दौरान आवेश में आकर भगवान लाल ने अपने पास रखी बंदूक से दूसरी पत्नी भोमली पर फायर कर दिया। गोली लगते ही भोमली लहूलुहान होकर गिर पड़ी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर हड़कंप मच गया।
भोमली को उसका बेटा अनिल और अन्य परिजन तुरंत अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मां की मौत से गुस्साए अनिल का आपा खो गया। उसने मौके पर पड़ी लाठी उठाई और पिता भगवान लाल के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण भगवान लाल की मौके पर ही मौत हो गई।
झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने आई भगवान लाल की लिव-इन पार्टनर तारा पर भी अनिल ने लाठी से हमला कर दिया। हमले में तारा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गंगरार थाना पुलिस उपाधीक्षक उदय सिंह चुंडावत और राशमी थानाधिकारी घेहरीलाल पुलिस जाप्ते तथा एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
गंभीर रूप से घायल तारा को चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। एफएसएल टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने मंगलवार को दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पुत्र अनिल और पहली पत्नी लाडू को डिटेन कर लिया है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।
गंगरार उपाधीक्षक उदय सिंह चुंडावत के अनुसार, मामला प्राथमिक तौर पर पारिवारिक रंजिश और कड़वाहट का है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच में जुटी है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
