गंगापुर सिटी और वजीरपुर में निकाय चुनाव की तैयारियां तेज, डीएम ने लिया जायजा
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने स्ट्रांग रूम और मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को पारदर्शी चुनाव कराने के सख्त निर्देश दिए।

तस्वीर में जिला कलक्टर काना राम अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक कमरे का निरीक्षण करते हुए।
गंगापुर सिटी/वजीरपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर निर्वाचन तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने बुधवार को दोनों उपखण्ड क्षेत्रों का दौरा कर मतदान केन्द्रों, स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वजीरपुर में जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारी महीपाल सिंह से निर्वाचन तैयारियों, क्रिटिकल एवं संवेदनशील मतदान केन्द्रों तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, प्रवेश एवं निकास तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाओं सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं मतदान दिवस से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति एवं संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय कन्या महाविद्यालय, वजीरपुर स्थित नगरपालिका वजीरपुर के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्थाएं देखीं तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान दर्सगाह इस्लामी सेकेंडरी स्कूल, वजीरपुर सहित अन्य मतदान केन्द्रों का भी निरीक्षण किया गया।
इसके बाद गंगापुर सिटी पहुंचकर काना राम ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित स्ट्रांग रूम एवं मतगणना कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित संधारण और मतगणना संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों से क्रिटिकल बूथों की स्थिति की जानकारी लेकर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी निर्देशित किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध प्रक्रिया है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी एवं कार्मिक अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें, ताकि नगरीय निकाय चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जा सकें।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह तोमर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायण लाल शर्मा, उपखण्ड अधिकारी विनोद कुमार गोदारा, तहसीलदार सुरेश विश्नोई एवं नगरपालिका अधिशासी अधिकारी दीपक चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन :2 जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
