डूंगला। स्वतंत्रता संग्राम के एक सशक्त साक्षी और राष्ट्रसेवा को समर्पित जीवन जीने वाले स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल मेहता का मंगलवार, 23 दिसंबर 2025 को निधन हो गया। उनके स्वर्गवास की खबर से डूंगला सहित समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। देश की आज़ादी के लिए किए गए उनके योगदान को स्मरण करते हुए प्रशासन और आमजन ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल मेहता के पार्थिव शरीर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जिला कलक्टर उदयपुर एवं जिला कलक्टर चित्तौड़गढ़ के निर्देशन में उपखंड प्रशासन डूंगला द्वारा राजकीय सम्मान की समस्त औपचारिकताएं विधिवत रूप से संपन्न कराई गईं। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया।

स्वर्गीय मेहता का अंतिम संस्कार उदयपुर में किया गया, जहां उनके पुत्र अशोक मेहता सहित परिजन उपस्थित रहे। अंतिम यात्रा में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से स्वतंत्रता सेनानी को अंतिम विदाई देते हुए उनके संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायी जीवन को स्मरण किया।

स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल मेहता का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक रहा। उनका जाना न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी स्मृतियां और स्वतंत्रता संग्राम में दिया गया योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story