जिले में 'मेवाड़ युवा शक्ति' का गठन: पुलिसिंग और सामाजिक जागरूकता में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित
चित्तौड़गढ़ में जिला पुलिस ने 'मेवाड़ युवा शक्ति' नामक सीएलजी का शुभारंभ किया, जिसमें 806 युवा शामिल हैं। संगठन का उद्देश्य युवाओं को पुलिसिंग, सामाजिक जागरूकता, और आपराधिक गतिविधियों की सूचना देने में सक्रिय करना है। युवा नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक नियम, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेंगे।

चित्तौड़गढ़, 02 अक्टूबर | जिले में युवाओं को पुलिसिंग और समाज कल्याण से जोड़ने की दिशा में एक अनूठी पहल की गई है। मंगलवार को जिला पुलिस द्वारा "मेवाड़ युवा शक्ति" नामक सीएलजी (Community Liaison Group) का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस संगठन का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने और जनजागरण में पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में स्थापित इस समूह में जिले के कुल 806 युवा शामिल किए गए हैं, जिनमें से 51 जिला स्तरीय सदस्य और 755 थाना स्तरीय सदस्य हैं। इस संगठन में 18 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां भाग ले रहे हैं। महानिरीक्षक पुलिस रेंज उदयपुर के निर्देशानुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपराध नियंत्रण, समस्या समाधान और टीमवर्क जैसे महत्वपूर्ण कौशल से लैस करना है।
अधिकारियों ने बताया कि "मेवाड़ युवा शक्ति" से जुड़े युवा जिले में होने वाली किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुँचाएंगे। इसके साथ ही वे सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। युवाओं द्वारा स्कूल और कॉलेजों में नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक नियम पालन, साइबर साक्षरता, डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सामाजिक समरसता, लैंगिक संवेदनशीलता और विधिक जागरूकता जैसे विषयों पर जन जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी इस संगठन की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इसमें खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, यातायात ड्यूटी, आपदा प्रबंधन और वृद्ध जनों की सहायता जैसे कार्य शामिल हैं। संगठन के सदस्य त्योहारों, रैलियों और सार्वजनिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सामुदायिक निगरानी में पुलिस के साथ सहयोग करेंगे।
एएसपी सरिता सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय और थाना स्तरीय स्तर पर चयनित ये युवा न केवल पुलिसिंग गतिविधियों में योगदान देंगे, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और जागरूकता फैलाने में भी सहायक होंगे। "मेवाड़ युवा शक्ति" की स्थापना से युवाओं में जिम्मेदारी, सामाजिक सहभागिता और पुलिसिंग के प्रति विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
इस पहल के माध्यम से जिले के युवा न केवल समाज कल्याण में सक्रिय भागीदार बनेंगे, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक समरसता को भी मजबूत बनाने में मददगार साबित होंगे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
