चित्तौड़गढ़ पहुंची ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग’ राष्ट्रीय बाइक रैली, विजय स्तंभ से उदयपुर रवाना
चित्तौड़गढ़ पहुंची ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग’ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का जिला पुलिस ने स्वागत किया। एनएसजी के आईजी अमित कुमार पाठक ने नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई। विजय स्तंभ से रैली उदयपुर रवाना हुई।

चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित विजय स्तंभ के पास 'फाइट अगेंस्ट ड्रग' राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर उदयपुर के लिए रवाना करते पुलिस एवं सुरक्षा बलों के अधिकारी।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता के उद्देश्य से निकाली जा रही ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग’ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ पहुंची। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने रैली में शामिल विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस संगठनों के अधिकारियों का स्वागत किया। पुलिस लाइन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के आईजी अमित कुमार पाठक ने अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई। इसके बाद ऐतिहासिक विजय स्तंभ से रैली को फ्लैग ऑफ कर उदयपुर के लिए रवाना किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में गुजरात के एकतानगर में 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के तहत यह रैली निकाली जा रही है। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
रैली में विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस संगठनों के अधिकारी शामिल हैं। चित्तौड़गढ़ पहुंचे अधिकारियों में एनएसजी के आईजी अमित कुमार पाठक, एनएसजी के डीआईजी ब्रिगेडियर अनिल कुमार जोशी, आईटीबीपी के द्वितीय कमान अधिकारी विनोद डेरिवाल, सीआरपीएफ के उप कमांडेंट एवं रैली समन्वयक भागीरथ मीणा, सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट एवं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप वर्मा, सीआईएसएफ के उप कमांडेंट वरुण कुमार, जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी सज्जाद हुसैन, उत्तराखंड पुलिस के डीएसपी संजय उप्रेती तथा एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट योगेश कुमार मीणा शामिल रहे। जिला पुलिस की ओर से सभी अधिकारियों का स्वागत किया गया।
पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित संवाद कार्यक्रम में विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों एवं पुलिस संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस अधिकारी, जवान और छात्र शामिल हुए। इस दौरान एनएसजी के आईजी अमित कुमार पाठक ने उपस्थित लोगों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा, डीवाईएसपी बृजेश सिंह एवं भूराराम खिलेरी, कोतवाली थानाधिकारी रजनीश कुमार, सदर थानाधिकारी प्रेमसिंह, गंगरार थानाधिकारी तुलसीराम, निरीक्षक अनिल पांडे और पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाद कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली ऐतिहासिक विजय स्तंभ, चित्तौड़गढ़ दुर्ग पहुंची। यहां से रैली को फ्लैग ऑफ कर उदयपुर जिले के लिए रवाना किया गया। रैली के माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश प्रसारित किया गया।
रैली को रवाना करने के बाद इसमें शामिल सभी अधिकारियों ने ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग का भ्रमण किया। अधिकारियों ने दुर्ग की ऐतिहासिक महत्ता, गौरवशाली विरासत और स्थापत्य कला को करीब से देखा तथा इसकी भव्यता और ऐतिहासिक धरोहर की प्रशंसा की। इस दौरान उन्हें चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिला।
जिला पुलिस की ओर से रैली के स्वागत, सुरक्षा, यातायात नियमन और सुचारु आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली के जरिए नशे से दूर रहने, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया। यह अभियान युवाओं को नशे से दूर रखने तथा स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में आयोजित किया जा रहा है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
