फतहनगर। ग्राम पंचायत खेमली के सभागार में सोमवार को विद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान और प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के साथ शिक्षा के प्रति एक नई चेतना का संचार हुआ। कार्यक्रम के दौरान न केवल मेधावियों को पुरस्कृत किया गया, बल्कि उपस्थित अभिभावकों को अपने बच्चों सहित आसपास के सभी बालकों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की गौरवपूर्ण शपथ दिलाई गई। सभी अभिभावकों ने सहर्ष संकल्प लेते हुए आश्वस्त किया कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देंगे और राजस्व ग्राम खेमली में अब कोई भी बालक शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित नहीं रहेगा।

समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 15 मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि की कड़ी में सुश्री प्रीति सेन ने 93.60 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया, वहीं प्रिंस नाई ने वाणिज्य वर्ग में 84.2 प्रतिशत अंक अर्जित किए। कक्षा 10वीं में श्री कृष्णा डांगी ने 79.83 प्रतिशत अंकों के साथ अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज कराया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्रधान डॉ. नरेंद्र कुमार टाक ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में श्री देवी लाल डांगी उपस्थित रहे। इस महत्वपूर्ण अवसर पर वार्ड पंचों एवं ग्राम के गणमान्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम श्री केशव राम विजयवर्गीय, श्री लक्ष्मी लाल जैन एवं श्री हर लाल खटीक के विशिष्ट सानिध्य में गरिमापूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ।

संबोधन के दौरान संस्था प्रधान डॉ. टाक ने प्रवेशोत्सव, नामांकन वृद्धि एवं विद्यालय की मूलभूत आवश्यकताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय की चारदीवारी को ऊंचा करने की आवश्यकता प्रतिपादित की, जिस पर ग्रामीण केशव लाल विजयवर्गीय ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। मुख्य अतिथि श्री देवी लाल डांगी ने अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति हेतु शपथ ग्रहण करवाई।

कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रधानाचार्य श्री गोविंद लाल सुथार ने किया, जबकि शिक्षक श्री रामचंद्र मेनारिया एवं पंचायत शिक्षक श्री जितेश कुमार नाई ने व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। अंत में, सभी अभिभावकों ने शिक्षक-अभिभावक परिषद की बैठकों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया। ग्रामीणों ने इस आयोजन को गांव में शिक्षा की नई अलख जगाने वाला और जन-जागरूकता बढ़ाने वाला एक ऐतिहासिक कदम बताया।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story