चित्तौड़गढ़ में आबकारी विभाग का महाप्रहार: कंजर बस्तियों में मची खलबली, हजारों लीटर वॉश नष्ट
चित्तौड़गढ़ में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: नेगड़िया और पिपलिया कंजर बस्ती में दबिश देकर 3000 लीटर वॉश और चालू भट्टियों को किया नष्ट। जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्र सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में संयुक्त टीमों ने अवैध हथकड़ शराब जब्त कर माफियाओं के नेटवर्क को ध्वस्त किया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में अवैध शराब के काले कारोबार पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी आयुक्त, उदयपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले के संवेदनशील इलाकों में दबिश देकर न केवल अवैध शराब जब्त की, बल्कि शराब बनाने के पूरे तंत्र को धुआं-धुआं कर दिया। इस अचानक हुई छापेमारी से अवैध शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया और वे अपनी भट्टियां जलती छोड़ मौके से फरार हो गए।
लंबे समय से विभाग की रडार पर रहे नेगड़िया, सूरजपोल और पिपलिया कंजर बस्ती जैसे क्षेत्रों में यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्र सिंह राजपुरोहित के कुशल मार्गदर्शन में की गई। इन गांवों को अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के लिए बेहद संवेदनशील माना जाता रहा है। खुफिया सूचनाओं और लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर चित्तौड़गढ़, बेगूं, डूंगला, कपासन और निंबाहेड़ा की संयुक्त टीमों ने एक साथ घेराबंदी की। आबकारी निरोधक दल के प्रभारी जगदीश राम विश्नोई ने बताया कि आरोपियों ने नदी के किनारों को अपना सुरक्षित ठिकाना बना रखा था, ताकि पानी की उपलब्धता और दुर्गम रास्तों का फायदा उठाया जा सके।
मौके पर पहुंचे दल को वहां दो चालू चूल्हा भट्टियां मिलीं, जिनसे हथकड़ शराब उतारी जा रही थी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 14 लीटर तैयार हथकड़ शराब जब्त की और शराब बनाने के लिए ड्रमों में भरकर रखे गए करीब 3 हजार लीटर वॉश को मौके पर ही नष्ट कर दिया। विभाग की कड़ाई का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टीम ने न केवल चालू भट्टियों को तोड़ा, बल्कि 8 पुरानी भट्टियों को भी पूरी तरह जमींदोज कर दिया ताकि भविष्य में इनका पुन: उपयोग न हो सके। हालांकि, पुलिस और आबकारी दल की भनक लगते ही आरोपी नदी और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।
इस व्यापक धरपकड़ अभियान में आबकारी निरीक्षक (बेगूं) मदनलाल गुर्जर, आबकारी निरीक्षक (कपासन) नंदकिशोर, आबकारी निरीक्षक (डूंगला) जितेंद्र सिंह के साथ-साथ निंबाहेड़ा के प्रहराधिकारी हेमराज जाट, बेगूं के प्रहराधिकारी श्रवण लाल मीणा और डूंगला के प्रहराधिकारी बाघसिंह सहित भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। विभाग ने इस कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत कुल तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यह अभियान थमने वाला नहीं है और जांच के दौरान यदि अन्य किसी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके विरुद्ध भी कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस सफल दबिश ने क्षेत्र में अवैध शराब के नेटवर्क की कमर तोड़ दी है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
