पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) के प्रदेशाध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा के नेतृत्व में शनिवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पायरों का खेड़ा में 'एक शिक्षक-एक पौधा' अभियान के तहत 101 पौधों का सामूहिक रोपण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और महासंघ पदाधिकारियों ने पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

'एक शिक्षक-एक पौधा' अभियान के तहत प्रदेशभर में 3 लाख पौधे लगाने और उनका संरक्षण कर उन्हें वृक्ष बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शिक्षक भारत माता के नाम एक पौधा लगाएगा और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

रमेश चंद्र पुष्करणा ने बताया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) ने इस वर्ष प्रदेशभर में 3 लाख पौधे लगाने तथा उनका संरक्षण कर उन्हें वृक्ष बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधे बड़े होकर समाज को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण प्रदान करेंगे।

जिला मंत्री कैलाश चंद्र मालू ने कहा कि 'एक शिक्षक-एक पौधा' अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में जागरूकता का प्रभावी संदेश दे रहा है। अभियान के माध्यम से जिलेभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर जनसहभागिता बढ़ाई जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधरोपण को जनआंदोलन बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पीईईओ कालू लाल लोहार, प्रधानाध्यापक नारायण लाल अग्रवाल, वरिष्ठ पुस्तकालयाध्यक्ष महावीर कुमार नंदावत, खंड बड़ीसादड़ी मंत्री शंभूदास वैष्णव, महेंद्र कुमार जैन, पर्यावरण प्रेमी जीवन लाल धाकड़, घनश्याम सिंह राठौड़, शंभू सिंह मीणा, ललिता मीणा, शिक्षिका रीना जाट, पर्यावरण पालक मीनाक्षी मेहरा, कंप्यूटर अनुदेशक तुलसीराम मीणा, यशवंत सिंह राजपूत, रमेश चौपड़ा सहित महासंघ के पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story