चित्तौड़गढ़। अंजुमन मिल्लते इस्लामिया संस्थान के तत्वावधान में त्याग एवं बलिदान का प्रतीक ईद-उल-अजहा का पर्व इस वर्ष भी पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। शहर की पुरानी पुलिया स्थित ईदगाह मस्जिद में मुस्लिम समाज के धर्मावलंबियों ने सामूहिक रूप से ईद की विशेष नमाज अदा की। शहर काजी मुस्तफा करीमी चिश्ती की इमामत में नमाज संपन्न हुई।

नमाज से पूर्व नायब शहर काजी एवं दरगाह शरीफ के शाही इमाम मुफ्ती उस्मान अशरफी ने खिताब फरमाते हुए शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि वर्तमान दौर में तालीम की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को दीन व दुनियावी तालीम से पूरी तरह सुसज्जित करें ताकि आने वाली पीढ़ियों में शिक्षा का अभाव न रहे। मुफ्ती अशरफी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही देश और क्षेत्र की प्रगति में सार्थक भागीदारी संभव है। उन्होंने देश में आपसी भाईचारे और मोहब्बत का पैगाम देते हुए कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रसर करने के लिए नई पीढ़ी को उच्च शिक्षा दिलाना अनिवार्य है।

ईदगाह मस्जिद परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था। अंजुमन की ओर से स्वागत द्वार स्थापित किए गए और भीषण गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए नमाजियों के लिए पर्याप्त कूलर तथा पांच स्थानों पर पेयजल की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई, ताकि नमाजियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

नमाज के बाद अंजुमन के सेक्रेटरी हाजी सैयद इरशाद अली ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, आयोजन की बेहतरीन व्यवस्थाओं के लिए गुलशन परिवार का भी विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता करण सिंह सांखला, रणजीत लौट, अहसान पठान, अनिल सोनी, रमेश नाथ योगी, नवरत्न जीनगर, शंभू प्रजापत सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सम्मिलित होकर ईद की मुबारकबाद दी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story