डूंगला क्षेत्र की ग्राम पंचायत बड़वाई में राज्य सरकार द्वारा घोषित संरक्षित वेटलैण्ड क्षेत्र (नम भूमि तालाब) पर अवैध निर्माण के मामले में वन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। बार-बार समझाइश देने और निर्माण कार्य रुकवाने के बावजूद दोबारा निर्माण किए जाने पर विभाग ने संबंधित निर्माणकर्ताओं को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा में अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो उसे ध्वस्त कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्यालय क्षेत्रीय वन अधिकारी, रेंज निम्बाहेड़ा के अनुसार, बड़वाई ग्राम पंचायत का तालाब क्षेत्र राज्य सरकार द्वारा आधिकारिक रूप से वेटलैण्ड घोषित है। इस संरक्षित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का पक्का या कच्चा निर्माण करना अवैध है। स्थानीय नागरिकों और पक्षी संरक्षण टीम की शिकायतों के बाद मामला सामने आया था।

वन विभाग ने पहली कार्रवाई 1 अक्टूबर 2026 को की थी। उस दिन टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण रुकवाया और संबंधित लोगों को समझाइश दी थी। इस दौरान निर्माण नहीं करने पर सहमति भी बनी थी। इसके बावजूद 3 अक्टूबर 2026 को दोबारा निर्माण शुरू कर दिया गया।

सूचना मिलने पर क्षेत्रीय वन अधिकारी सुनील कुमार यादव और मंगलवाड़ नाका स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य बंद करवाया। साथ ही, बिना अनुमति किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त भी किया गया। इस दौरान मौके से ही उपखण्ड अधिकारी डूंगला और तहसीलदार डूंगला से फोन पर चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि संरक्षित भूमि पर किसी भी प्रकार के निर्माण की अनुमति नहीं दी जा सकती।

दिन में निर्माण कार्य रुकवाने के बावजूद रात के अंधेरे में चोरी-छिपे निर्माण जारी रहने पर वन विभाग ने बुधवार, 14 अक्टूबर को अगला कदम उठाया। विभाग ने मौके पर आधिकारिक नोटिस चस्पा कर संबंधित निर्माणकर्ताओं को तीन दिन के भीतर अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि समयसीमा में कब्जा नहीं हटाने पर विभाग स्वयं निर्माण ध्वस्त करेगा और सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा।

बड़वाई के संरक्षित वेटलैण्ड क्षेत्र में अवैध निर्माण को लेकर वन विभाग की कार्रवाई अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। नोटिस जारी होने के बाद निर्धारित तीन दिन की अवधि में निर्माणकर्ता स्वयं अवैध निर्माण हटाते हैं या विभाग ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करता है, इस पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।

Praveen Mehta, Dungla

Praveen Mehta, Dungla

नाम: प्रवीण मेहता

वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातकाल)

कार्यक्षेत्र: डूंगला उपखंड, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, और राजनीति

परिचय

प्रवीण मेहता राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले डूंगला उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा व्यवस्था, स्थानीय राजनीति, घटना-दुर्घटना और जनहित से जुड़े कार्यों की रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इन योजनाओं से जोड़ना और सामाजिक सरोकार के मुद्दों को निष्पक्षता से उठाना है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

प्रवीण मेहता को प्रिंट और डिजिटल मीडिया में दो दशकों से अधिक का व्यापक अनुभव है। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:

  • जय राजस्थान, मेवाड़ी मीरा, और जननायक: वर्ष 2002 में इन समाचार पत्रों में कार्य किया।
  • दैनिक दशपुर एक्सप्रेस: वर्ष 2006 से लगातार 12 वर्षों तक इस समाचार पत्र में अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक भास्कर: वर्ष 2008 से 2012 तक संवाददाता और एजेंसी के रूप में कार्य किया।
  • प्रातकाल: वर्ष 2018 से वर्तमान तक लगातार 'प्रातकाल' समाचार पत्र के संवाददाता के रूप में डूंगला क्षेत्र में कार्यरत हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 10वीं कक्षा तक पूरी की है।

Next Story