सेठवाना स्कूल में 7 फीट लंबे जहरीले सांप से मची अफरा-तफरी, पत्रकार ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
डूंगला उपखंड के सेठवाना गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सुबह 9 बजे सात फीट लंबा जहरीला सांप मिलने से हड़कंप मच गया। सर्प मित्र के नहीं आने पर पत्रकार और ग्रामीण ने जान जोखिम में डालकर सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

तस्वीर में एक व्यक्ति एक छड़ी और पाइप की मदद से विद्यालय परिसर में सांप को सुरक्षित पकड़ते हुए दिख रहा है, जिसे अन्य लोग खड़े होकर देख रहे हैं।
डूंगला उपखंड के सेठवाना गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सरस्वती माता मंदिर के पास एक सात फीट लंबा जहरीला सांप दिखाई दिया। सुबह करीब 9 बजे सांप को देख छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ में भारी अफरा-तफरी का माहौल हो गया। विद्यालय प्रशासन ने तुरंत सर्प मित्र को सूचना दी, लेकिन उनके बाहर होने के कारण वहां पहुंच पाने में असमर्थता जताई गई। सर्प मित्र के नहीं आ पाने के कारण विद्यालय परिसर में दहशत बढ़ गई। इस दौरान स्थानीय निवासी भेरू लाल पाटीदार और स्थानीय पत्रकार मोहन दास वैरागी को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही दोनों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत विद्यालय पहुंचकर मोर्चा संभाला। पत्रकार मोहन दास वैरागी और भेरू लाल उर्फ लाला पाटीदार ने अपनी सूझबूझ से सात फीट लंबे इस जहरीले सांप का सफल रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ने के बाद विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली। इस साहसी कार्य के लिए विद्यालय प्रबंधन और छात्र-छात्राओं ने पत्रकार मोहन दास वैरागी एवं भेरू लाल पाटीदार का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
