सहकारिता मंत्री ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए रथ की पूजा की और विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और ग्रामीणों को उनके हितों से जोड़ने के उद्देश्य से रथ यात्रा का आज डूंगला मुख्यालय पर आगमन हुआ। सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम कुमार दक की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत रथ की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई।

मंत्री गौतम कुमार दक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों की तुलना में मात्र 2 वर्षों में इतने विकास कार्य किए गए हैं, जिनका लाभ सीधे जन-जन तक पहुंच रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराना और उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाना है।

कार्यक्रम के दौरान कला जत्था प्रभारी कालू लाल गाड़री के नेतृत्व में कलाकारों ने भजन, संगीत तथा नृत्य-नाटिका के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों ने जनसमूह को बांधे रखा और उपस्थित लोगों ने योजनाओं की सराहना की।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी डूंगला ईश्वरलाल खटीक, तहसीलदार गुणवंत माली, विकास अधिकारी दुर्गा प्रसाद कुमावत सहित अन्य उपखंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और सम्मानित अतिथियों में मंडल अध्यक्ष पूरणमल अहीर, पूर्व प्रधान मुकेश खटीक, बगदी बाई मीणा, सामाजिक कार्यकर्ता हीरालाल मीणा और लालसिंह मीणा, प्रशासक सोवनी बाई, पूर्व सरपंच श्यामलाल नागौरी, पूर्व उप प्रधान रणजीत सिंह तथा नरेंद्र सिंह भुरकिया, डालू गायरी, बगदीराम गायरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

रथ यात्रा पूरे क्षेत्र में सरकार की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए निकाली गई है, जिसके तहत आगामी दिनों में अन्य गांवों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह पहल ग्रामीणों को योजनाओं से सीधे जोड़ने और विकास की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story