डूंगला में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, बच्चों को पिलाई दवा
डूंगला बस स्टैंड पर मंत्री गौतम दक ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। खंड में 15,648 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

डूंगला बस स्टैंड स्थित पोलियो बूथ पर मंत्री गौतम दक एक बच्चे को पोलियो की दवा पिलाते हुए।
डूंगला। उप राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अंतर्गत खंड डूंगला में पल्स पोलियो महाअभियान का विधिवत आगाज हुआ। इस महत्वपूर्ण अभियान का शुभारंभ प्रदेश के सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक द्वारा डूंगला बस स्टैंड स्थित पोलियो बूथ पर नन्हे बच्चों को दवा पिलाकर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार झिंगोनिया ने पोलियो टीकाकरण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यद्यपि भारत 27 मार्च 2014 को ही पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, किंतु पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। इस स्थिति के मद्देनजर भारत में पुनः संक्रमण के खतरे से इनकार नहीं किया जा सकता, अतः प्रतिवर्ष 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को एहतियातन पोलियो की खुराक पिलाना अनिवार्य है।
खंड कार्यक्रम अधिकारी राहुल जैन ने अभियान की कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि डूंगला खंड में तीन दिवसीय इस महाअभियान के तहत 0 से 5 वर्ष के लगभग 15,648 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रथम दिन 102 पोलियो बूथ, 5 ट्रांजिट बूथ और 3 मोबाइल टीमों के माध्यम से हाई रिस्क व बिखरे हुए क्षेत्रों में टीकाकरण किया जा रहा है, जिसकी निरंतर मॉनिटरिंग 13 सुपरवाइजरों द्वारा की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि आगामी 29 व 30 जून 2026 को 132 हेल्थ टीमें घर-घर जाकर खंड के लगभग 21,000 घरों का सर्वे करेंगी और शेष रहे बच्चों को दवा पिलाना सुनिश्चित करेंगी ताकि अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त हो सके और कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि डूंगला सरपंच प्रतिनिधि लाल सिंह मीणा, अशोक कुमार तेली, देवीलाल सेन, कुंदन तेली, विनोद नलवाया, मदन लौहार, घनश्याम प्रजापत, शंकर चौधरी व दलीचंद सीरवी सहित डूंगला सेक्टर सुपरवाइजर कैलाश बारबर और वैक्सीनेटर तारा चौधरी व सोना अहीर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
