डूंगला पंचायत चुनाव: मंत्री गौतम दक के क्षेत्र में भाजपा को हार, कांग्रेस आगे
कांग्रेस ने पंचायत समिति की 17 में से 11 और जिला परिषद की सभी 3 सीटें जीतीं, जिससे विधानसभा चुनाव के समीकरणों पर असर पड़ने की चर्चा है।

डूंगला में पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने राजनीतिक समीकरणों को झटका देते हुए सहकारिता मंत्री गौतम दक के क्षेत्र में भाजपा को करारी शिकस्त दी है। स्थानीय पंचायत समिति के 17 वार्डों में से कांग्रेस ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को महज 6 सीटों से संतोष करना पड़ा। जिला परिषद के तीनों वार्डों में भी कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत हासिल कर अपना दबदबा कायम किया।
चुनाव परिणामों को आने वाले विधानसभा चुनाव के राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। सहकारिता मंत्री गौतम दक के क्षेत्र में भाजपा की इस हार को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, कांग्रेस नेता बद्रीलाल जाट ने चुनाव की कमान संभालते हुए पार्टी को एकजुट किया और जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत के बाद उत्साहित कार्यकर्ताओं ने मुख्य बस स्टैंड पर जमकर आतिशबाजी कर जश्न मनाया।
जिला परिषद के वार्ड संख्या 22 में भाजपा के दिग्गज नेता एवं जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा को कांग्रेस के कमलेश खंडेलवाल ने चुनाव में शिकस्त दी। वार्ड संख्या 23 में कांग्रेस के ललित सामर विजयी रहे। इस वार्ड में पंचायत समिति के पूर्व प्रधान एवं भाजपा प्रत्याशी गणपत सिंह चुंडावत को हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह वार्ड संख्या 24 में नाड़ाखेड़ा के पूर्व सरपंच पोखरलाल जाट भी कांग्रेस के लक्ष्मी लाल गुर्जर से चुनाव हार गए।
कांग्रेस की सबसे प्रमुख जीत पंचायत समिति के वार्ड संख्या 8 में दर्ज हुई, जो डूंगला नगर क्षेत्र में आता है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र नलवाया ने भाजपा के मनीष दाणी को 997 मतों के रिकॉर्ड अंतर से पराजित किया। उल्लेखनीय है कि वार्ड संख्या 8 सहकारिता मंत्री गौतम दक का गृह नगर है। इस क्षेत्र में सरपंच पद पर भी कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।
डूंगला में इस बार प्रधान पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। पंचायत समिति के 17 में से 11 वार्डों और जिला परिषद के तीनों वार्डों में कांग्रेस की जीत ने क्षेत्र में पार्टी की मजबूत चुनावी स्थिति को सामने रखा है। खास तौर पर सहकारिता मंत्री के गृह नगर में मिली बड़ी जीत ने इन चुनाव परिणामों को राजनीतिक दृष्टि से और महत्वपूर्ण बना दिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
