चित्तौड़गढ़: मंत्री गौतम कुमार दक ने डूंगला में किया धर्मशाला का लोकार्पण
एलवा माता पहाड़ी पर नाथ समाज के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन, नागरिक उड्डयन मंत्री ने मंदिर में की पूजा-अर्चना और ट्यूबवेल खनन की घोषणा की।

डूंगला। क्षेत्र की आस्था के केंद्र एलवा माता पहाड़ी पर स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में विकास की नई इबारत लिखी गई है। सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम कुमार दक ने शनिवार को यहाँ नाथ समाज के नवनिर्मित खुले बरामदे (धर्मशाला) का विधिवत लोकार्पण किया। ५ लाख रुपये की लागत से तैयार इस जनोपयोगी भवन के उद्घाटन समारोह में मोदी-योगी सरकार के सुशासन और विकासपरक नीतियों की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम का आगाज मंत्री दक द्वारा गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ हुआ, जिसके पश्चात समाज जनों ने मंत्री सहित तमाम अतिथियों का भगवा साफा और उपरना पहनाकर भव्य स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में विकास की गंगा बहाई है, वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आतंकवाद का खात्मा कर राष्ट्र निर्माण में अभूतपूर्व योगदान दिया है। उन्होंने अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि जो कार्य कभी अतीत की धुंध में असंभव सा लगता था, उसे मोदी-योगी की जोड़ी ने साकार कर दिखाया है। आज देश का हर नागरिक रामलला के दर्शन कर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। मंत्री ने स्थानीय विकास पर जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र में जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को मजबूती से धरातल पर उतारा गया है। नाथ समाज की मांग पर उन्होंने तत्काल एक ट्यूबवेल खनन करवाने की घोषणा की और विश्वास दिलाया कि संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने मेवाड़ी भाषा में अपनत्व जताते हुए कहा, "थाणे कणी वात री कमी लागे तो मने याद करजो, वणी ने पुरो करवा को प्रयास करूंगा।"
विशिष्ट अतिथि भीलवाड़ा उप महापौर रामनाथ ने समाज की उत्पत्ति से लेकर अब तक के संघर्षपूर्ण विकास की गाथा और त्याग की विवेचना की। उन्होंने भगवा और भाजपा को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए कहा कि जहाँ भगवा है, वहीं भाजपा का वास है। नाथ समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष उदयनाथ ने विकास कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया, वहीं अतिथियों ने समाज से बालकों को उच्च शिक्षित करने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। मंत्री दक ने जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि समाज प्रतिभाओं को तराशने का काम करे, उन्हें मंच प्रदान करना सरकार का उत्तरदायित्व है।
इस अवसर पर भीलवाड़ा नाथ समाज जिला अध्यक्ष रामनाथ, राजस्थान नाथ समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ईश्वर नाथ योगी, प्रदेश उपाध्यक्ष उदयनाथ योगी, संभागीय उपाध्यक्ष किशन नाथ, १२ चोखला अध्यक्ष शंकर नाथ, खेडी चोखला अध्यक्ष लक्ष्मण नाथ, गोरख सेना प्रदेश उपाध्यक्ष नितेंद्र नाथ, खेड़ी चोखला सचिव इंद्रनाथ, भगवती नाथ बुल, रामनाथ खेरमालिया और प्रेमनाथ तलाउ उपस्थित रहे। साथ ही डूंगला मंडल अध्यक्ष पूरणमल अहीर, प्रशासक पति व सामाजिक कार्यकर्ता लाल सिंह रावत, राजमल डांगी, ठाकुर सिंह, रामेश्वर लाल गुर्जर, देवीलाल जनवा, भेरूलाल लोहार और लक्ष्मण लाल जाट सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व समाज जन मौजूद थे।

Praveen Mehta, Dungla
नाम: प्रवीण मेहता
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातकाल)
कार्यक्षेत्र: डूंगला उपखंड, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, और राजनीति
परिचय
प्रवीण मेहता राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले डूंगला उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा व्यवस्था, स्थानीय राजनीति, घटना-दुर्घटना और जनहित से जुड़े कार्यों की रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इन योजनाओं से जोड़ना और सामाजिक सरोकार के मुद्दों को निष्पक्षता से उठाना है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
प्रवीण मेहता को प्रिंट और डिजिटल मीडिया में दो दशकों से अधिक का व्यापक अनुभव है। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- जय राजस्थान, मेवाड़ी मीरा, और जननायक: वर्ष 2002 में इन समाचार पत्रों में कार्य किया।
- दैनिक दशपुर एक्सप्रेस: वर्ष 2006 से लगातार 12 वर्षों तक इस समाचार पत्र में अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक भास्कर: वर्ष 2008 से 2012 तक संवाददाता और एजेंसी के रूप में कार्य किया।
- प्रातकाल: वर्ष 2018 से वर्तमान तक लगातार 'प्रातकाल' समाचार पत्र के संवाददाता के रूप में डूंगला क्षेत्र में कार्यरत हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 10वीं कक्षा तक पूरी की है।
